पीएम मोदी का बिहार दौरा: सीवान को 10,000 करोड़ की सौगात, 2025 चुनाव में एनडीए की नई ताकत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2025 के चुनावी वर्ष में चौथी बार बिहार दौरे पर। सीवान में जनसभा के जरिए एनडीए को 24 विधानसभा सीटों पर मजबूती देने का प्रयास। पढ़ें कार्यक्रम की पूरी जानकारी।

पीएम मोदी का बिहार दौरा: सीवान को 10,000 करोड़ की सौगात, 2025 चुनाव में एनडीए की नई ताकत
PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर चुनावी साल में बिहार दौरे पर हैं। आज (शुक्रवार) पीएम मोदी सीवान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यह दौरा न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि बिहार के विकास के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। आइए जानते हैं, इस दौरे से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी:

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा इस साल का चौथा बिहार दौरा है। इससे पहले वे 24 फरवरी भागलपुर और मधुबनी, 29-30 मई 2025 दो दिवसीय बिहार दौरे पर आए थे। इस बार सीवान में उनकी रैली चुनावी रणनीति का हिस्सा है, जो एनडीए के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

सारण प्रमंडल पर फोकस
पीएम मोदी का यह दौरा एनडीए की नजरों को सारण प्रमंडल की 24 विधानसभा सीटों पर केंद्रित कर रहा है। फिलहाल 24 में से 14 सीटों पर महागठबंधन का नियंत्रण है।

सीवान में 8 विधानसभा सीटों में से 6 महागठबंधन के पास हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव में सीवान की 6 सीटों पर महागठबंधन ने जीत दर्ज की थी। आरजेडी ने 3, सीपीआईएमएल ने 2 और कांग्रेस ने 1 सीट पर कब्जा जमाया। वहीं, बीजेपी ने केवल 2 सीटें जीती थीं और जेडीयू का खाता भी नहीं खुल पाया था।

सारण जिले का समीकरण
सारण (छपरा) जिले की 10 विधानसभा सीटों पर:
महागठबंधन: 7 सीटों पर विजय (आरजेडी: 6, सीपीएम: 1)
बीजेपी: 3 सीटों पर जीत
जेडीयू: 0

पीएम मोदी का लगातार बिहार दौरा चुनावी गणित में बदलाव ला सकता है।

मंच पर दिखेगा एनडीए का दम
सीवान की रैली में प्रधानमंत्री मोदी के साथ बिहार के कई दिग्गज नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा मौजूद रहेंगे। रैली में लाखों की भीड़ जुटने की उम्मीद है।

10,000 करोड़ की सौगात
पीएम मोदी बिहार को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात देंगे। यह राज्य के विकास को नई गति देने के साथ-साथ एनडीए के चुनावी एजेंडे को भी मजबूती देगा।