चोट के बावजूद टीम के जश्न में शामिल हुईं प्रतिका रावल, कहा – ये जीत मेरे दिल के बहुत करीब है

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 में पहली बार वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा। स्टार ओपनर प्रतिका रावल चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। टीम के जीतने के बाद प्रतिका रावल ने मैदान में उतरकर साथियों के साथ जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि “ये जीत मेरे लिए शब्दों से परे है।” वर्ल्ड कप से पहले प्रतिका ने 6 पारियों में 308 रन बनाए थे। जानिए उनके शानदार प्रदर्शन और जज़्बे की पूरी कहानी।

चोट के बावजूद टीम के जश्न में शामिल हुईं प्रतिका रावल, कहा – ये जीत मेरे दिल के बहुत करीब है
Pratika Rawal

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2025 के वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया। इस खिताबी जीत के पीछे पूरी टीम की मेहनत और जुनून था, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस खिलाड़ी की रही जो फाइनल मैच नहीं खेल पाई—प्रतिका रावल।

वर्ल्ड कप के लीग स्टेज में बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में चोटिल होने के बाद प्रतिका पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं। सेमीफाइनल से पहले यह खबर भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी झटके से कम नहीं थी, क्योंकि प्रतिका शानदार फॉर्म में थीं और लगातार रन बना रही थीं।

प्रतिका रावल ने हार नहीं मानी। उन्होंने टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद टीम का हौसला बढ़ाना जारी रखा। जब भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाई, तो प्रतिका खुद मैदान पर उतरकर अपनी साथियों के साथ जीत का जश्न मनाने पहुंचीं।

जश्न के बीच भावुक प्रतिका ने कहा— मैं शब्दों में अपने एहसास बयां नहीं कर सकती। मेरे कंधे पर तिरंगा होना, इस टीम का हिस्सा बनना – ये मेरे लिए गर्व की बात है। चोट खेल का हिस्सा है, लेकिन इस जीत का हिस्सा बनना मेरे जीवन का सबसे बड़ा पल है।

भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर गर्व
भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता, और प्रतिका के शब्दों में— यह टीम पूरी तरह इस जीत की हकदार थी।” उन्होंने कहा कि बाहर बैठकर मैच देखना उनके लिए बहुत मुश्किल था। मैदान के बाहर बैठकर देखना, अंदर खेलकर लड़ने से ज्यादा कठिन होता है। लेकिन हर विकेट, हर चौके-छक्के पर जो ऊर्जा और जुनून था, उसने मेरे रोंगटे खड़े कर दिए।

प्रतिका रावल का अब तक का शानदार करियर
प्रतिका ने साल 2024 में वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा था। थोड़े ही समय में वे टीम की रीढ़ बन गईं। उन्होंने अब तक 24 वनडे मैचों में 1110 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं।

वर्ल्ड कप 2025 में भी उनका प्रदर्शन यादगार रहा—6 पारियों में 308 रन, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास ने भारतीय टीम को नई दिशा दी।

फैंस के दिलों में बसी ‘फाइटर प्रतिका’
चोट के बाद भी मुस्कुराती हुई और टीम के साथ जश्न मनाती प्रतिका रावल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छा गईं। फैंस ने उन्हें “फाइटर प्रतिका” का नाम दिया। हर कोई उनकी इस जिद, जूनून और देशभक्ति के जज़्बे को सलाम कर रहा है।