वैलेंटाइन डे 2026 पर लौटेंगे शाहिद कपूर, ‘ओ रोमियो’ में दिखा खतरनाक अवतार
शाहिद कपूर की नई फिल्म ‘ओ रोमियो’ का फर्स्ट लुक रिलीज। खतरनाक अवतार में दिखे शाहिद, विशाल भारद्वाज की फिल्म 13 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन डे पर होगी रिलीज।
बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार हैं। करीब एक साल के अंतराल के बाद वह अपनी नई रोमांटिक फिल्म ‘ओ रोमियो’ के जरिए सिनेमाघरों में नजर आने वाले हैं। फिल्म का पहला लुक सामने आ चुका है, जिसमें शाहिद का अब तक का सबसे अलग और उग्र अंदाज देखने को मिल रहा है। साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
खून से सना लुक और गुस्सैल आंखें
‘ओ रोमियो’ के फर्स्ट लुक पोस्टर में शाहिद कपूर बेहद खौफनाक और गुस्से से भरे नजर आ रहे हैं। उनकी आंखों में तीखापन है, चेहरे पर खून के निशान हैं और पूरा लुक किसी इंटेंस और डार्क किरदार की झलक देता है। पोस्टर में शाहिद के शरीर पर बने टैटू भी खास ध्यान खींचते हैं, जो उनके किरदार की आंतरिक उथल-पुथल को दर्शाते हैं।
विशाल भारद्वाज ने किया टीज़र डेट का ऐलान
फिल्म के निर्देशक विशाल भारद्वाज ने शाहिद कपूर का यह फर्स्ट लुक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। पोस्ट के साथ उन्होंने यह भी बताया कि 10 जनवरी 2026 को फिल्म का टीज़र रिलीज किया जाएगा। विशाल भारद्वाज ने कैप्शन में लिखा कि इस वैलेंटाइन डे ‘ओ रोमियो’ की खुशबू हवा में घुलेगी और दर्शकों को इसकी दुनिया की पहली झलक देखने को मिलेगी।
किरदार की गहराई दिखाएंगे टैटू
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘ओ रोमियो’ में शाहिद कपूर का टैटू वाला लुक सिर्फ स्टाइल के लिए नहीं है, बल्कि उनके किरदार की मनोवैज्ञानिक गहराई से गहराई से जुड़ा हुआ है। क्रिएटिव टीम ने टैटू के डिजाइन, उसकी बॉडी प्लेसमेंट और कहानी से उसके भावनात्मक जुड़ाव पर खास काम किया है, ताकि शाहिद का ट्रांसफॉर्मेशन पूरी तरह असरदार लगे।
13 फरवरी 2026 को रिलीज होगी ‘ओ रोमियो’
बता दें कि ‘ओ रोमियो’ को वैलेंटाइन डे के मौके पर रिलीज किया जा रहा है। शाहिद कपूर स्टारर यह फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में शाहिद के साथ तृप्ति डिमरी रोमांटिक भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा विक्रांत मैसी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी, नाना पाटेकर और फरीदा जलाल जैसे दमदार कलाकार भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।


आँखें न्यूज़ 24 




