Taipei Knife Attack: ताइपे की सड़कों पर खौफ, मेट्रो स्टेशन और शॉपिंग एरिया में सिलसिलेवार हमला; 3 की मौत
Taipei Knife Attack: ताइपे में मेट्रो स्टेशन और शॉपिंग एरिया में चाकू व स्मोक ग्रेनेड से हमला। तीन की मौत, नौ घायल। हमलावर का आपराधिक बैकग्राउंड सामने आया।
ताइवान की राजधानी ताइपे एकाएक दहशत में डूब गई, जब मास्क और बॉडी आर्मर पहने एक युवक ने चाकू और स्मोक ग्रेनेड के साथ सार्वजनिक इलाकों को निशाना बनाया। व्यस्त सड़कों और मेट्रो स्टेशन के आसपास हुए इस हमले में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। अचानक हुए हमले से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्टेशन से लेकर बाजार तक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मेट्रो स्टेशन के बाहर खौफनाक मंजर
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो में देखा गया कि काले कपड़े और टोपी पहने संदिग्ध पहले सामान्य तरीके से सड़क पार करता है और फिर ताइपे मेन मेट्रो स्टेशन के सामने भीड़ में घुसते ही चाकू से हमला शुरू कर देता है। कुछ ही पलों में चीख-पुकार गूंज उठती है और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं।
शॉपिंग एरिया बना दूसरा टारगेट
इसके बाद हमलावर उत्तर दिशा में स्थित एक लोकप्रिय शॉपिंग जोन की ओर बढ़ा। यहां एस्लाइट स्पेक्ट्रम नानक्सी डिपार्टमेंटल स्टोर की पहली और चौथी मंजिल पर उसने स्मोक ग्रेनेड फेंके और कई लोगों पर चाकू से वार किए। पुलिस के मुताबिक, उसने अधिकतर हमले गर्दन पर किए, जिससे नुकसान और गंभीर हो गया।
पीछा और संदिग्ध की मौत
जांच में सामने आया कि दोनों जगहों पर हमले के बीच संदिग्ध अंडरग्राउंड रास्ते से एक होटल तक गया, जहां उसने और हथियार जुटाए। पीछा किए जाने के दौरान वह एक इमारत से गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हमलावर का बैकग्राउंड और जांच
समाचार एजेंसियों के अनुसार, हमलावर की पहचान 27 वर्षीय चांग वेन के रूप में हुई है। ताइवान के प्रधानमंत्री चो जुंग-ताई ने बताया कि उसके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले थे और वारंट जारी थे। यह भी सामने आया कि उसने नवंबर 2024 में अनिवार्य रिजर्व मिलिट्री ट्रेनिंग के लिए रिपोर्ट नहीं की थी, जिसके चलते वह वांटेड था। ताइपे के मेयर ने यह भी बताया कि एक 57 वर्षीय व्यक्ति ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया।


आँखें न्यूज़ 24 




