आईपीएल 2026 से पहले बड़ा फैसला: ओपनिंग सेरेमनी रद्द, वजह जानकर भावुक हो जाएंगे

आईपीएल 2026 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी गई है। जानिए BCCI ने क्यों लिया यह भावुक फैसला और क्या है पूरी कहानी।

आईपीएल 2026 से पहले बड़ा फैसला: ओपनिंग सेरेमनी रद्द, वजह जानकर भावुक हो जाएंगे

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 को लेकर एक अहम और भावनात्मक फैसला लिया है। इस बार टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी आयोजित नहीं की जाएगी। यह निर्णय पिछले साल बेंगलुरु में हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की याद में लिया गया है, जहां जश्न के दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी।

उद्घाटन मैच बेंगलुरु में ही
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही होगा। इसी वजह से भी बोर्ड ने ओपनिंग सेरेमनी नहीं रखने का फैसला किया, ताकि आयोजन सादगी और सम्मान के साथ हो सके।

जश्न बना था हादसा
दरअसल, पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार खिताब जीता था। इसके बाद 4 जून 2025 को जीत के जश्न के दौरान शहर में भारी भीड़ जुट गई थी, जिससे भगदड़ मच गई और कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उसी घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार ओपनिंग सेरेमनी को टालने का फैसला लिया गया है।

फाइनल से पहले हो सकती है क्लोजिंग सेरेमनी
हालांकि, खबरों के मुताबिक टूर्नामेंट के समापन पर क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित की जा सकती है। 31 मई को फाइनल मुकाबले से पहले एक भव्य कार्यक्रम होने की संभावना जताई जा रही है। इससे टूर्नामेंट का समापन उत्साहपूर्ण तरीके से किया जा सकेगा।

पिछली बार सितारों से सजी थी ओपनिंग
अगर पिछले सीजन की बात करें तो उद्घाटन समारोह कोलकाता में हुआ था, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, दिशा पाटनी और करण औजला जैसे कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी थी।

पहले भी टल चुकी है ओपनिंग
यह पहली बार नहीं है जब आईपीएल की ओपनिंग सेरेमनी को रद्द किया गया हो। इससे पहले 2019 में भी पुलवामा हमला में शहीद हुए जवानों की याद में उद्घाटन समारोह नहीं किया गया था और उस पर खर्च होने वाली राशि शहीदों के परिवारों को दे दी गई थी।