सीमा पर जंग जैसे हालात: थाईलैंड-कंबोडिया टकराव में फाइटर जेट्स की एंट्री, 9 नागरिकों की मौत, हालात विस्फोटक
थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद ने खतरनाक मोड़ लिया है। ता मुएन थोम मंदिर के पास हुई गोलीबारी, रॉकेट हमले और F-16 फाइटर जेट्स की एयरस्ट्राइक ने हालात को और बिगाड़ दिया है। जानिए पूरी घटना की क्रोनोलॉजी।
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच दशकों पुराना सीमा विवाद अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ता मुएन थोम मंदिर को लेकर चल रहा टकराव शुक्रवार को उस वक़्त खूनी संघर्ष में बदल गया जब दोनों देशों की सेनाएं आमने-सामने आ गईं। रॉकेट, ग्रेनेड और हवाई हमलों की वजह से कम से कम 9 नागरिकों की मौत हो चुकी है और 40,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजना पड़ा है।
कैसे शुरू हुआ संघर्ष?
यह टकराव सुबह करीब 7:30 बजे शुरू हुआ जब थाई सेना की निगरानी प्रणाली ने सुरिन प्रांत के पास स्थित ता मुएन थोम मंदिर के ऊपर कंबोडिया का एक संदिग्ध ड्रोन मंडराते देखा। कुछ देर बाद ड्रोन गायब हो गया, लेकिन तभी 6 सशस्त्र कंबोडियाई सैनिकों को सीमा पार करते देखा गया। थाई गार्ड्स ने उन्हें चेतावनी दी, मगर वे पीछे नहीं हटे।
8:20 बजे: फायरिंग की शुरुआत
कंबोडियाई सैनिकों ने थाई सेना की चौकी पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस पोस्ट पर थाई सीमा पुलिस तैनात थी। छोटे हथियारों, मोर्टार और ग्रेनेड लॉन्चर्स का इस्तेमाल हुआ। जवाब में थाई सैनिकों ने भी कड़ी कार्रवाई की।
9:40 बजे: रॉकेट हमले से तबाही
कंबोडिया की तरफ से BM-21 रॉकेट लॉन्चर से हमला किया गया। ये रॉकेट थाईलैंड के सिसाकोत प्रांत में एक मंदिर और आसपास के रिहायशी इलाकों में गिरे। कई नागरिकों के घायल होने की खबर है।
9:55 बजे: घर पर गिरा रॉकेट, 3 की मौत
सिर्फ 15 मिनट बाद एक और रॉकेट हमला काप चोएंग (Kap Choeng) इलाके में हुआ, जिसमें एक घर पूरी तरह तबाह हो गया। तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई घायल हुए।
दोपहर बाद: थाईलैंड की वायुसेना की एंट्री
तनाव बढ़ता देख थाईलैंड ने अपनी वायुसेना को मैदान में उतारा। 6 F-16 फाइटर जेट्स ने उड़ान भरकर कंबोडिया के ओडर मेंची (Oddar Meanchey) और प्रेअह विहियर (Preah Vihear) प्रांतों में दो मिलिट्री बेस पर टारगेटेड एयरस्ट्राइक किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंबोडिया की लॉजिस्टिक्स और रडार यूनिट को भारी नुकसान पहुंचा।
स्थिति अब भी तनावपूर्ण
अब तक 9 से अधिक नागरिकों की मौत हो चुकी है। दोनों देशों ने सीमा सील कर दी है और राजनयिक बातचीत लगभग ठप हो गई है। सेना पूरी तरह अलर्ट मोड में है और हालात किसी भी वक्त और खराब हो सकते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




