अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर हमला. जांच में जुटी पुलिस

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो स्थित घर पर हमले की खबर से हड़कंप मच गया है। खिड़कियों के शीशे टूटे मिले, एक संदिग्ध हिरासत में, पुलिस जांच जारी।

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के आवास पर हमला. जांच में जुटी पुलिस

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के ओहियो स्थित आवास पर कथित हमले की खबर से अमेरिका में हलचल मच गई है। सामने आई तस्वीरों में उनके घर की खिड़कियों में लगे शीशे टूटे हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनमें कई जगह छेद साफ नजर आते हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

टूटी खिड़कियां और सवालों के घेरे में सुरक्षा
घटनास्थल से आई तस्वीरों में पुलिस को टूटे शीशों की जांच करते हुए देखा गया, जहां टॉर्च की रोशनी डालकर सबूत जुटाने की कोशिश की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस तरह किया गया और इसके पीछे हमलावर का मकसद क्या था। सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही हैं।

पुलिस जांच तेज, एक संदिग्ध हिरासत में
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट WPCO-TV के अनुसार, इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान या भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। जांच एजेंसियां यह जानने में जुटी हैं कि क्या यह हमला सुनियोजित था या किसी व्यक्तिगत कारण से किया गया।

घटना के वक्त घर पर नहीं था परिवार
अमेरिकी मीडिया, खासतौर पर CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का परिवार घर पर मौजूद नहीं था। अधिकारियों का मानना है कि हमलावर घर के अंदर दाखिल नहीं हो पाया। फिलहाल यह भी जांच का विषय है कि क्या यह हमला सीधे तौर पर उपराष्ट्रपति या उनके परिवार को निशाना बनाकर किया गया था।

मकसद अब भी रहस्य, कई एजेंसियां सक्रिय
पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि हमला किस उद्देश्य से किया गया। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं यह राजनीतिक कारणों से प्रेरित तो नहीं था। जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कई सवाल अनुत्तरित बने हुए हैं।