UP Government Jobs 2026: नए साल में यूपी में 1.5 लाख सरकारी नौकरियों की तैयारी, पुलिस-शिक्षा में सबसे ज्यादा भर्तियां

UP Government Jobs 2026 के तहत उत्तर प्रदेश में 1.5 लाख सरकारी नौकरियां आने वाली हैं। पुलिस, शिक्षा, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग में बंपर भर्तियां होंगी।

UP Government Jobs 2026: नए साल में यूपी में 1.5 लाख सरकारी नौकरियों की तैयारी, पुलिस-शिक्षा में सबसे ज्यादा भर्तियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

नए साल की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यूपी सरकार ने ऐलान किया है कि वर्ष 2026 में करीब 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों से खाली पदों की विस्तृत जानकारी तलब कर ली है। सरकार का लक्ष्य है कि समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर दिया जाए।

पिछले 8.5 सालों का रिकॉर्ड, अब 10 लाख का लक्ष्य
प्रदेश सरकार का दावा है कि पिछले साढ़े आठ वर्षों में ही 8.5 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जा चुकी हैं। अब नई भर्ती के जरिए सरकार अपने दस साल में 10 लाख युवाओं को नौकरी देने के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अगर यह लक्ष्य हासिल होता है, तो यूपी एक दशक में इतनी बड़ी संख्या में नौकरियां देने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।

पुलिस और शिक्षा में सबसे ज्यादा वैकेंसी की संभावना
सरकारी संकेतों के मुताबिक पुलिस और शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा भर्तियां देखने को मिल सकती हैं। दोनों विभागों में लगभग 50-50 हजार पदों पर वैकेंसी निकलने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा राजस्व विभाग में करीब 20 हजार पद भरे जा सकते हैं, जबकि स्वास्थ्य, आवास, बाल विकास, पोषण और जेल विभागों में भी बड़ी संख्या में नए पद जोड़े जाएंगे।

विभागों की जरूरत के हिसाब से तय होगी संख्या
अधिकारियों का कहना है कि किसी विभाग में कितनी भर्तियां होंगी, यह वहां उपलब्ध पदों और वास्तविक जरूरतों पर निर्भर करेगा। सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे खाली पदों का सटीक ब्योरा उपलब्ध कराएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो और समय पर चयन पूरा किया जा सके।

नोटिफिकेशन की तैयारी अंतिम चरण में
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अधिकांश विभागों में भर्ती से जुड़े नोटिफिकेशन तैयार होने के अंतिम चरण में हैं। कुछ विभागों ने तो पहले ही शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार का फोकस है कि विज्ञापन से लेकर नियुक्ति तक सभी चरण तय समयसीमा में पूरे हों और उम्मीदवारों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

पारदर्शिता और मेरिट पर सरकार का जोर
यूपी सरकार ने साफ किया है कि सभी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होंगी। भर्ती प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए एक विशेष निगरानी तंत्र भी बनाया गया है। विभागों को नियमित रूप से अपनी प्रगति रिपोर्ट देनी होगी, ताकि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन की संभावना न रहे।

2026 तक भर्ती पूरी करने का लक्ष्य
सरकार ने दो टूक कहा है कि 2026 के भीतर इन भर्तियों को पूरा करने के लिए सख्त टाइमलाइन तय की गई है। आवेदन, स्क्रीनिंग और चयन की पूरी प्रक्रिया मानक नियमों के तहत होगी और चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार सूचना दी जाएगी। युवाओं के लिए यह आने वाला साल सरकारी नौकरी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।