वाराणसी में 3 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 5 शातिर गिरफ्तार; पुलिस टीम को 1 लाख का इनाम
Varanasi Crime News: करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। 5 आरोपी गिरफ्तार, 2122 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद, कीमत करीब 3 करोड़ रुपये।
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लगभग 2122 ग्राम सोने के आभूषण (अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपये) बरामद की है।
चोरी की पूरी कहानी
पुलिस के अनुसार, 6 जनवरी 2026 को थाना चौक में एक सर्राफा फर्म के मालिक ने लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 5 जनवरी 2026 को फर्म में काम करने वाले कर्मचारी ने चोरी की सूचना दी थी, जिसमें भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी गायब थी। इस पर थाना चौक में मु0अ0सं0-04/2026, धारा 305(a) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
ऐसे बनी स्पेशल टीम
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व एसीपी दशाश्वमेध, प्रभारी निरीक्षक थाना चौक दिलीप कुमार मिश्रा और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक गौरव सिंह ने किया।

CCTV, सर्विलांस और मुखबिर ने खोला राज
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों, कमिश्नरेट के कमांड सेंटर फुटेज, सर्विलांस सेल से BTS डाटा और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच की। लगातार प्रयासों के बाद 9 जनवरी 2026 को पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा।
कहां से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को कूड़ाखाना बेनिया, थाना चौक और कैंट स्टेशन मालगोदाम के पास से चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया।

बरामद ज्वेलरी का पूरा विवरण
बरामद सोने के आभूषण (कुल वजन 2122 ग्राम अनुमानित कीमत: लगभग 3 करोड़ रुपये) में शामिल हैं—
20 गले के छोटे-बड़े हार
30 जोड़ी कनौती
79 नथ का लर
400 अंगूठियां
69 मंगलसूत्र के लॉकेट
11 जोड़ी बृजबाली
68 (34 जोड़ी) गूटी झुमके
गिरफ्तार अभियुक्त कौन हैं?
दीपेश चौहान – जौनपुर
विकास बेनवंशी – गाजीपुर
शुभम विश्वकर्मा – गाजीपुर
सैनुद्दीन अंसारी – गाजीपुर
तारक घोराई – पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल
सभी की उम्र 25 से 31 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस टीम को मिलेगा इनाम
इस बड़ी कामयाबी के बाद पुलिस आयुक्त वाराणसी ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 1 लाख रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही जारी है।


आँखें न्यूज़ 24 




