पश्चिम बंगाल में सियासी उबाल के बीच गवर्नर को धमकी, सुरक्षा अलर्ट पर लोकभवन
West Bengal News: राज्यपाल सीवी आनंद बोस को बम से उड़ाने की धमकी के बाद लोकभवन की सुरक्षा कड़ी। ED रेड और बीजेपी-TMC टकराव के बीच सियासी माहौल गरमाया।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद राज्य की राजनीति और सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। गुरुवार रात लोकभवन को एक ई-मेल मिला, जिसमें राज्यपाल को बम से उड़ाने की बात कही गई। इस सूचना के सामने आते ही राजभवन परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सख्त कर दिया गया।
गृह मंत्रालय तक पहुंची जानकारी, सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी की गंभीरता को देखते हुए गवर्नर की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने तुरंत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इसकी जानकारी दी। लोकभवन में सीआरपीएफ और राज्य पुलिस की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात कर दी गई हैं। हालात की समीक्षा के लिए आधी रात को सीनियर सुरक्षा अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें मौजूदा सुरक्षा इंतजामों को और मजबूत करने पर फैसला लिया गया।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां, जांच जारी
अधिकारियों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले भी धमकी भरे संदेश सामने आ चुके हैं। फिलहाल ई-मेल भेजने वाले की पहचान और मंशा को लेकर जांच चल रही है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
बीजेपी का ममता सरकार पर तीखा हमला
इस घटना के बाद सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। बीजेपी नेता अमित मालवीय ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हालात ऐसे हो गए हैं कि राज्यपाल तक सुरक्षित नहीं हैं, जो कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
ED कार्रवाई और सियासी टकराव की पृष्ठभूमि
धमकी की यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब राज्य में ईडी की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक तनाव चरम पर है। हाल ही में कोयला तस्करी से जुड़े मामले में ईडी की रेड के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के कार्यालय पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एजेंसी ने पार्टी से जुड़े अहम दस्तावेज, हार्ड डिस्क और रणनीतिक सामग्री जब्त की है और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया।
कोलकाता में विरोध प्रदर्शन, चुनावी साल में बढ़ी गर्मी
बीजेपी और टीएमसी के बीच बढ़ते टकराव के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शुक्रवार 9 जनवरी को कोलकाता में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन करने वाली हैं। विधानसभा चुनावी साल में यह पूरा घटनाक्रम राज्य की राजनीति को और ज्यादा गर्म करने वाला माना जा रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




