सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में वारंट जारी

सोनाक्षी सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में वारंट जारी

एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा कानूनी संकट में फंसते नजर आ रही हैं। सोनाक्षी के खिलाफ 4 साल पुराने धोखाधड़ी के मामले में अब उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की ACJM कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। साथ ही उन्हें 25 अप्रैल को कोर्ट में हाजिर होने के आदेश भी दिए हैं। सोनाक्षी पर आरोप है कि उन्होंने दिल्ली में एक इवेंट में शामिल होने के लिए 37 लाख रुपए लिए थे। लेकिन, पैसा लेने के बाद भी सोनाक्षी इस इवेंट में शामिल नहीं हुईं। इसके बाद उन्होंने इवेंट ऑर्गेनाइजर के पैसे भी वापस नहीं लौटाए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के रहने वाले इवेंट के ऑर्गेनाइजर प्रमोद शर्मा ने एक इवेंट का प्लान बनाया था। जिसमें सोनाक्षी को चीफ गेस्ट के रूप में इनवाइट किया गया था। हालांकि, 'दबंग' एक्ट्रेस इस इवेंट में शामिल होने में विफल रही थीं। जिसके बाद इवेंट के ऑर्गेनाइजर प्रमोद ने एक्ट्रेस से अपने पैसे वापस मांगे थे। आरोप लगाया जा रहा है कि सोनाक्षी के मैनेजर ने इवेंट ऑर्गेनाइजर के पैसे देने से इनकार कर दिया है।

2019 में सोनाक्षी के खिलाफ दर्ज हुआ था केस
सोनाक्षी सिन्हा से कई बार संपर्क करने के बाद भी जब ऑर्गेनाइजर को पैसे नहीं मिले तो उसने फरवरी 2019 में एक्ट्रेस के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। सोनाक्षी कथित तौर पर इस मामले में अपना बयान दर्ज कराने मुरादाबाद आई थीं। लेकिन, उसके बाद लगातार अनुपस्थित रहने के कारण अब कोर्ट ने सोनाक्षी के खिलाफ धोखाधड़ी के इस मामले में गैर जमानती वारंट जारी किया है।

सोनाक्षी सिन्हा के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स
सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में सलमान खान, दिशा पाटनी, पूजा हेगड़े और अन्य के साथ 'द-बैंग' टूर से लौटी हैं। इस बीच वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म 'डबल एक्सएल' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में उनके साथ हुमा कुरैशी भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। इस फिल्म के अलावा सोनाक्षी 'ककुड़ा' में रितेश देशमुख और साकिब सलीम के साथ नजर आने वाली हैं। वे आखिरी बार 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' में नजर आईं थीं। जिसमें अजय देवगन, शरद केलकर, नोरा फतेही, संजय दत्त भी लीड रोल में थे।