22 अप्रैल का जवाब 22 मिनट में दिया, PM मोदी ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- अब ना ट्रेड होगा, ना टॉक

पीएम मोदी ने कहा, 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा। 22 मिनट में हमने 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। ऑपरेशन सिंदूर भारत का नया रौद्र रूप है।

22 अप्रैल का जवाब 22 मिनट में दिया, PM मोदी ने पाकिस्तान को दी चेतावनी, कहा- अब ना ट्रेड होगा, ना टॉक
PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के बीकानेर में आयोजित जनसभा में ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर अपने विचार साझा किए। इससे पहले उन्होंने नाल एयरबेस पर वायुसेना के जांबाजों से मुलाकात की, जिन्होंने पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल हमलों को नाकाम किया था।

करणी माता का आशीर्वाद और विकास कार्यों का शिलान्यास
पीएम मोदी ने कहा, मैं करणी माता का आशीर्वाद लेकर यहां आया हूं। उनके आशीर्वाद से 26 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। उन्होंने भारत में आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण को महायज्ञ बताया और वंदे भारत ट्रेनों, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट, और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के प्रयासों पर प्रकाश डाला।

ऑपरेशन सिंदूर: आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार
पीएम मोदी ने कहा, 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा। 22 मिनट में हमने 9 आतंकी ठिकाने तबाह कर दिए। ऑपरेशन सिंदूर भारत का नया रौद्र रूप है।

तीन प्रमुख सूत्र साझा किए
- आतंकवादी हमलों का करारा जवाब मिलेगा।
- एटम बम की गीदड़ भभकियों से भारत नहीं डरेगा।
- पाकिस्तान की आतंकी संरचना और सरकार को एक ही मानकर कार्रवाई की जाएगी।

पाकिस्तान को दिया कड़ा संदेश
पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा, पाकिस्तान के साथ अब ना ट्रेड होगा, ना टॉक। अगर बात होगी तो सिर्फ पीओके की। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद फैलाने की सजा पाकिस्तान की सेना और अर्थव्यवस्था दोनों को भुगतनी पड़ेगी।

भारत का संकल्प: आतंकवाद का अंत
प्रधानमंत्री ने कहा, अब भारत का हर जवाब निर्णायक होगा। पाकिस्तान को भारतीय खून बहाने की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। दुनिया की कोई ताकत हमें इस संकल्प से डिगा नहीं सकती।

वीरभूमि से देशवासियों के लिए संदेश
पीएम मोदी ने राजस्थान की वीरभूमि से देशवासियों को आश्वासन दिया कि भारत का भविष्य उज्ज्वल है और आतंकवाद का अंत सुनिश्चित है।