Mumbai attack: तहव्वुर राणा की आवाज और लिखावट से खुलेंगे कई राज, NIA को कोर्ट से मिली सैंपल इकट्ठा करने की मंजूरी
दिल्ली की एक अदालत ने एनआईए को मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की आवाज और लिखावट के नमूने एकत्र करने की अनुमति दे दी है। राणा एक अमेरिकी नागरिक है और चार अप्रैल को अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी समीक्षा याचिका खारिज कर दी थी।
दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा की आवाज और लिखावट के नमूने एकत्र करने की अनुमति दे दी है। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। एनआईए की विशेष अदालत के न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने 28 अप्रैल को राणा की हिरासत 12 दिनों के लिए बढ़ा दी थी। उन्होंने एजेंसी द्वारा दायर एक आवेदन पर 30 अप्रैल को आदेश पारित किया।
26/11 के मुख्य साजिशकर्ता डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी के करीबी सहयोगी राणा को प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। राणा एक अमेरिकी नागरिक है और चार अप्रैल को अमेरिका के उच्चतम न्यायालय ने भारत प्रत्यर्पण के खिलाफ उसकी समीक्षा याचिका खारिज कर दी थी।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने समुद्री मार्ग का उपयोग करके भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में घुसने के बाद एक रेलवे स्टेशन, दो आलीशान होटलों और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया था। लगभग 60 घंटे तक जारी रहे इस हमले में 166 लोग मारे गए थे।







