ताज होटल में बैठने का तरीका बना विवाद — महिला बोलीं, मेहनत से कमाए पैसों से डिनर करने आई थी, अपमानित कर दिया गया!

सोशल मीडिया पर ताज होटल से जुड़ा एक वीडियो वायरल है, जिसमें एक महिला ने होटल के मैनेजर पर उसके बैठने के तरीके और पहनावे को लेकर आपत्ति जताने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह कुर्सी पर ‘पद्मासन स्टाइल’ में बैठी थीं, जिसके लिए उन्हें टोका गया। महिला ने वीडियो में कहा कि मेहनत से कमाए पैसों से वह ताज होटल में डिनर करने आई थीं, लेकिन वहां के स्टाफ ने उन्हें अपमानित किया। इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है — क्या फाइन डाइनिंग एटीकेट्स आम लोगों की आज़ादी से ऊपर हैं?

ताज होटल में बैठने का तरीका बना विवाद — महिला बोलीं, मेहनत से कमाए पैसों से डिनर करने आई थी, अपमानित कर दिया गया!
वायरल वीडियो से ली गई फोटो

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने ताज होटल के मैनेजर पर “अभद्र व्यवहार” का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि वह अपनी बहन के साथ डिनर करने होटल ताज गई थीं, लेकिन उनके बैठने के तरीके और पहनावे पर होटल प्रबंधन ने आपत्ति जताई।

'मैंने कुछ गलत नहीं किया…' 
@SharmaShradha नाम के अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में महिला भावुक होकर कहती दिखती हैं — मैं मेहनत से पैसे कमाती हूं। दिवाली पर अपनी बहन को खुश करने के लिए ताज होटल आई थी। लेकिन यहां मुझे अपमानित किया गया क्योंकि मैं कुर्सी पर पालथी मारकर बैठी थी।

वीडियो में महिला यह दिखाती हैं कि वह कुर्सी पर “पद्मासन स्टाइल” में बैठी थीं। उनका कहना है कि होटल के मैनेजर ने उनसे कहा कि यह जगह ‘फाइन डाइनिंग ज़ोन’ है, यहां “रिच लोग” आते हैं, इसलिए उन्हें पैर नीचे रखकर और फुटवियर पहनकर बैठना चाहिए।

मैं कोल्हापुरी चप्पल पहनती हूं, इसमें क्या गलत है?
महिला ने आगे कहा — मैंने कोल्हापुरी चप्पल पहन रखी है, जो मेरी मेहनत की कमाई से खरीदी गई है। अगर किसी को इससे दिक्कत है, तो यह उनकी सोच की समस्या है। मैंने सभ्य कपड़े पहने हैं — सलवार-कुर्ती — फिर भी मुझे ‘अनफिट’ बताया जा रहा है। क्या आम लोगों को अब अमीरों के साथ बैठने का अधिकार नहीं?

ताज होटल और रतन टाटा के प्रति सम्मान, लेकिन व्यवहार से दुखी
महिला ने अपने वीडियो में कहा कि वह रतन टाटा की बेहद इज्जत करती हैं और उनकी कंपनी में वे स्वयं निवेशक भी हैं। फिर भी होटल ताज के मैनेजर के रवैये से वह बहुत आहत और निराश हैं।

मैं किसी के लिए परेशानी नहीं थी, सिर्फ अपने तरीके से बैठी थी। ताज जैसा नामी होटल अगर ऐसा बर्ताव करे तो आम आदमी कहां जाए?

सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया। एक वर्ग ने महिला का समर्थन करते हुए कहा कि क्लास या ड्रेस कोड के नाम पर भेदभाव अस्वीकार्य है।

वहीं कुछ यूजर्स ने लिखा कि हर फाइन डाइनिंग होटल के अपने शिष्टाचार (etiquette) होते हैं, जिनका पालन हर ग्राहक को करना चाहिए। इस विवाद ने ‘सोशल डेकोरम बनाम व्यक्तिगत स्वतंत्रता’ की बहस को फिर से हवा दे दी है।

क्या होटल का व्यवहार सही था या महिला का हक़?
मामले पर अब ऑनलाइन बहस जारी है। कई यूजर्स होटल ताज से आधिकारिक बयान की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूछ रहे हैं — अगर कोई महिला आराम से पद्मासन में बैठती है तो क्या यह ‘क्लासलेस’ कहलाने लायक है?