इजरायली दूतावास के दो स्टाफ की अमेरिका में हत्या, हमलावरों ने लगाए 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे

वॉशिगटन डीसी के पुलिस चीफ ने बताया है कि जिन संदिग्धों ने गोली चलाई, वो ‘फिलिस्तीन को आज़ाद करो’ के नारे लगा रहे थे। ‘फ्री-फ्री पैलिस्टाइन’ के नारे लगा रहे थे, फिर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।

इजरायली दूतावास के दो स्टाफ की अमेरिका में हत्या, हमलावरों ने लगाए 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे
प्रतीकात्मक तस्वीर

वाशिंगटन डी.सी. में यहूदी संग्रहालय के समीप बुधवार देर रात दो इजरायली दूतावास कर्मचारियों की हत्या कर दी गई। यह जानकारी अमेरिकी गृह सुरक्षा सचिव क्रिस्टी नोएम ने दी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, बुधवार रात वाशिंगटन डीसी में यहूदी संग्रहालय के समीप दो इजरायली दूतावास कर्मचारियों की निर्मम हत्या कर दी गई। मीडिया के अनुसार, दोनों की हत्या गोली मारकर की गई। नोएम ने कहा, हम सक्रियता से जांच कर रहे हैं तथा अधिक जानकारी साझा करने के लिए काम कर रहे हैं।

अमेरिका के राष्टपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है कि ये घटना भयानक है और इसे रोकना चाहिए।

न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी तुरंत मौके पर पहुंचीं। उनके साथ पूर्व जज और वाशिंगटन में यूएस अटॉर्नी जीनिन पिरो भी मौजूद थीं। दोनों ने इस हमले को एक गंभीर अपराध करार देते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस ने बुधवार देर रात तक हमले के पीछे के मकसद के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक वॉशिगटन डीसी के पुलिस चीफ ने बताया है कि जिन संदिग्धों ने गोली चलाई, वो ‘फिलिस्तीन को आज़ाद करो’ के नारे लगा रहे थे। ‘फ्री-फ्री पैलिस्टाइन’ के नारे लगा रहे थे, फिर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।