ट्रंप का दावा: भारत-पाक युद्ध में 5 जेट गिराए, मैंने सीजफायर कराया! कांग्रेस बोली- PM मोदी चुप क्यों?

डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि भारत-पाक युद्ध 2025 में उन्होंने धमकी देकर रुकवाया और 5 जेट गिराए गए। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी चुप क्यों हैं? जानिए पूरी कहानी ऑपरेशन सिंदूर से लेकर सीजफायर तक।

ट्रंप का दावा: भारत-पाक युद्ध में 5 जेट गिराए, मैंने सीजफायर कराया! कांग्रेस बोली- PM मोदी चुप क्यों?
Donald Trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव का ज़िक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने ही युद्ध रुकवाया। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन सांसदों के साथ डिनर के दौरान कहा — पांच जेट मार गिराए गए। चार या पांच… मुझे लगता है पांच। मैंने व्यापार के जरिए दबाव बनाया और सीजफायर कराया। हालांकि, ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि किस देश के जेट गिराए गए।

उनके इस बयान पर भारत में राजनीति गरमा गई। विपक्षी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए पूछा — ट्रंप बार-बार ये दावा कर रहे हैं और मोदी खामोश हैं। क्या देश के सम्मान से समझौता हुआ?

भारत का जवाब — ट्रंप की मध्यस्थता नहीं हुई
भारत सरकार ने ट्रंप के दावे को खारिज किया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने 17 जून को बयान में कहा था — सीजफायर पाकिस्तान के अनुरोध पर दोनों सेनाओं के बीच बातचीत से हुआ। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर साफ कहा कि भारत किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं करेगा।

क्या हुआ था मई में?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए। इसके बाद 10 मई को दोनों देशों ने सीजफायर पर सहमति जताई।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा — सीजफायर अमेरिका की मध्यस्थता से हुआ। भारत ने इसका खंडन किया, लेकिन ट्रंप बार-बार इसका क्रेडिट लेते रहे।

अब आगे क्या?
संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू हो रहा है। विपक्ष ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप के दावे पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। विपक्ष शनिवार को बैठक कर रणनीति बनाएगा।