6 साल की बच्ची से 45 साल के शख्स ने की शादी! अफगानिस्तान से आई दिल दहला देने वाली खबर
अफगानिस्तान में एक 45 साल के आदमी ने महज 6 साल की बच्ची से शादी कर ली। तालिबान ने दूल्हे और पिता को गिरफ्तार कर बच्ची को घर जाने से रोका। पढ़ें पूरी खबर और जानें अफगानिस्तान में बढ़ते बाल विवाह का सच।
अफगानिस्तान के दक्षिणी हिस्से से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मरजाह ज़िले में एक 45 वर्षीय आदमी ने महज 6 साल की मासूम बच्ची से शादी कर ली। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्ची इतनी छोटी है कि उसे खुद ये भी नहीं पता कि शादी का मतलब क्या होता है।
अफगान मीडिया आउटलेट Amu.tv के अनुसार, यह शख्स पहले से दो शादियां कर चुका है और बच्ची के परिवार को पैसे देकर यह निकाह तय करवाया। यहां वलवार (Walwar) नामक पारंपरिक प्रथा के तहत दुल्हन के शारीरिक रूप, शिक्षा और सामाजिक “कीमत” तय कर पैसे दिए जाते हैं।
सोशल मीडिया पर हंगामा, तालिबान ने दी सख्त चेतावनी
जब इस मामले की तस्वीरें और खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, तो पूरे देश में हंगामा मच गया। तालिबान प्रशासन ने तुरंत दखल देते हुए बच्ची को दूल्हे के घर जाने से रोक दिया। तालिबान ने कहा कि जब तक लड़की की उम्र 9 साल नहीं हो जाती, तब तक वह उसे अपने घर नहीं ले जा सकता।
इसके साथ ही तालिबान ने लड़की के पिता और 45 साल के दूल्हे को मरजाह ज़िले में गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ कोई औपचारिक केस दर्ज नहीं किया गया है। फिलहाल बच्ची अपने माता-पिता के साथ रह रही है।
तालिबान के आने के बाद बढ़े बाल विवाह
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालिबान के अगस्त 2021 में सत्ता में लौटने के बाद अफगानिस्तान में बाल विवाह के मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है। UN Women की रिपोर्ट बताती है कि देश में बाल विवाह में 25% की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा कम उम्र में मातृत्व दर में भी 45% का इजाफा हुआ है।
बाल विवाह रोकने की जरूरत पर सवाल
यह घटना अफगान समाज में गहरी जड़ें जमाए बैठे लैंगिक भेदभाव और पारंपरिक रिवाजों पर सवाल उठाती है। एक तरफ माता-पिता बेटियों को पढ़ा-लिखाकर उनका उज्ज्वल भविष्य चाहते हैं, वहीं दूसरी तरफ गरीबी और सामाजिक दबाव में आकर बेटियों का बचपन और जिंदगी ऐसे सौदों में दांव पर लगा देते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




