पाकिस्तान के हवाई हमले में 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत, ACB ने Tri-Series से किनारा किया

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली त्रिकोणीय टी20 सीरीज़ से हटने का फैसला किया है। पाकिस्तान के हवाई हमले में तीन अफगान खिलाड़ियों की मौत के बाद ACB ने कहा — “अब क्रिकेट नहीं, इंसाफ़ चाहिए।” पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।

पाकिस्तान के हवाई हमले में 3 अफगानी क्रिकेटरों की मौत, ACB ने Tri-Series से किनारा किया

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव अब क्रिकेट के मैदान तक पहुंच गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ होने वाली आगामी Triangular T20 Series से हटने का फैसला किया है। यह कदम उस समय उठाया गया जब पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन राष्ट्रीय क्रिकेटरों सहित आठ लोगों की मौत हो गई।

हमले में तीन अफगान क्रिकेटरों की मौत
ACB ने अपने आधिकारिक बयान में तीन खिलाड़ियों — कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून — की मौत की पुष्टि की है। बोर्ड ने कहा कि यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के खेल समुदाय के लिए “राष्ट्रीय त्रासदी” है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये आठ खिलाड़ी शराना इलाके में एक स्थानीय टूर्नामेंट खेलकर अर्गुन क्षेत्र में जीत का जश्न मना रहे थे, जब पाकिस्तानी सेना ने रिहायशी इलाकों पर हवाई हमला कर दिया।

हमले के बाद पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई और अफगान मीडिया में आई तस्वीरों में दिख रहा है कि स्थानीय लोग अपने हाथों से मलबा हटाकर शवों को निकाल रहे थे।

पाकिस्तानी हवाई हमले से मचा हाहाकार
बीते दस दिनों में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के कई सीमावर्ती इलाकों — पक्तिका, कुनार, खोश्त, कंधार और हेमलैंड — में लगातार हवाई हमले किए हैं। पाकिस्तान का दावा है कि ये हमले तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के ठिकानों पर किए जा रहे हैं। लेकिन संयुक्त राष्ट्र (UN) और अफगानिस्तान की तालिबान सरकार दोनों के आंकड़े कुछ और ही कहानी कहते हैं।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले दस दिनों में पाकिस्तान के हमलों से 52 निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है और 425 से अधिक लोग घायल हुए हैं। वहीं अफगान तालिबान सरकार ने बताया है कि सिर्फ पक्तिका प्रांत में ही हाल के हमले में 10 नागरिकों की मौत और कई बच्चों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

TTP पर हमला या निर्दोषों का कत्ल?
पाकिस्तानी सेना का बयान कहता है कि उसके टारगेट “TTP ठिकाने” हैं और उसका उद्देश्य TTP प्रमुख नूर वली महसूद को खत्म करना है। लेकिन हाल ही में (16 अक्टूबर 2025) सामने आई तस्वीरों में साफ दिखा कि नूर वली महसूद अफगानिस्तान में नहीं, बल्कि पाकिस्तान के ख़ैबर पख्तूनख्वाह की तिराह घाटी में मौजूद है।
इससे पाकिस्तान के दावे पर सवाल खड़े हो गए हैं कि वह वाकई आतंकियों को निशाना बना रहा है या सीमा पार निर्दोषों पर हमला कर रहा है।

ACB का सख्त रुख – ‘हम क्रिकेट नहीं, अपने खिलाड़ियों के साथ हैं’
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए कहा — हम ऐसे देश के साथ क्रिकेट नहीं खेल सकते, जिसने हमारे खिलाड़ियों की जान ली है। यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय सम्मान का सवाल है।

इस फैसले के बाद पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाली Tri-Series अब सिर्फ Bilateral Series में बदलने की संभावना है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से सीमा विवाद और आतंकी गुटों को लेकर तनातनी रही है। लेकिन पहली बार यह तनाव खेल और मानवीय संवेदना के स्तर तक पहुंच गया है। अफगानिस्तान के लोगों का कहना है — जब खिलाड़ी सुरक्षित नहीं, तो क्रिकेट का क्या मतलब?