बिहार चुनाव 2025: लालू यादव का पीएम मोदी पर वार – 'गुजराती मॉडल बिहार में नहीं चलेगा'
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सियासी जंग तेज़। लालू यादव ने पीएम मोदी को निशाने पर लिया और कहा – गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा। मोदी ने पलटवार करते हुए अपनी मां के अपमान पर जताई पीड़ा।
बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे राज्य का सियासी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। सत्तापक्ष और विपक्ष एक-दूसरे पर जमकर हमले कर रहे हैं। इस बीच, आरजेडी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा निशाना साधा है।
'गुजराती मॉडल बेअसर'
लालू यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, ऐ मोदी जी, विक्ट्री चाहिए बिहार से और फैक्ट्री दीजिएगा गुजरात में? ये गुजराती फार्मूला बिहार में नहीं चलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार को हल्के में लेना बीजेपी की बड़ी भूल होगी। इससे पहले भी लालू लगातार पीएम मोदी पर हमलावर रहे हैं।
बिहारियों की अस्मिता पर हमला?
आरजेडी प्रमुख ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यकर्ताओं को आदेश दिया है कि वे बिहार की माताओं-बहनों और बेटियों को अपमानित करें? उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थक शिक्षिकाओं, गर्भवती महिलाओं, छात्राओं और यहां तक कि पत्रकारों तक को गालियां दे रहे हैं। लालू यादव ने कहा कि गुजराती लोग बिहारियों को कभी हल्के में न लें क्योंकि यह बिहार है।
'मेरी मां का अपमान, पूरे देश का अपमान'
लालू के आरोपों के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने भी दो दिन पहले एक सभा में भावुक बयान दिया था। उन्होंने कहा कि बिहार में RJD-कांग्रेस गठबंधन की सभा से उनकी मां को गालियां दी गईं, जो न केवल उनकी मां का बल्कि पूरे देश की मां-बहनों का अपमान है।
मोदी ने कहा – मेरी मां ने मुझे देशसेवा के लिए आशीर्वाद देकर अपने से अलग किया था। उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। आज जब उन्हें भद्दी गालियां दी गईं तो यह मेरे लिए बेहद पीड़ादायक है।
'गरीब मां का बेटा, नामदारों को पच नहीं रहा'
प्रधानमंत्री मोदी ने लालू और कांग्रेस पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए कहा कि शाही खानदानों के युवराज गरीब मां की तपस्या और उसके बेटे की पीड़ा को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि देश और बिहार की जनता ने एक गरीब मां के बेटे को प्रधानसेवक बनाया है और यही बात “नामदारों” को बर्दाश्त नहीं हो रही।
RJD राज को याद दिलाया
पीएम मोदी ने बिहार में RJD शासनकाल को “अपराध का दौर” बताते हुए कहा कि उस समय हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार आम बात थी। उन्होंने दावा किया कि उस दौर में सबसे ज्यादा पीड़ा महिलाओं को झेलनी पड़ी।


आँखें न्यूज़ 24 




