नीतीश कुमार और अनंत सिंह की मुलाकात से बढ़ी हलचल, जेडीयू टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ना तय!

पटना में रविवार सुबह नीतीश कुमार और बाहुबली नेता अनंत सिंह की मुलाकात ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। ललन सिंह के साथ रोड शो और अब नीतीश का संकेत, क्या मोकामा से जेडीयू टिकट पर अनंत सिंह की उम्मीदवारी तय हो गई है? पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

नीतीश कुमार और अनंत सिंह की मुलाकात से बढ़ी हलचल, जेडीयू टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ना तय!
नीतीश कुमार और अनंत सिंह

पटना में रविवार की सुबह अचानक तब सियासी हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंत्री अशोक चौधरी के आवास पर पहुंचे। उसी दौरान वहां बाहुबली छवि वाले पूर्व विधायक अनंत सिंह भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने हाथ जोड़कर एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुछ देर मुलाकात भी की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब मोकामा सीट को लेकर पार्टी के अंदर ही खींचतान जारी है।

रोड शो के बाद राजनीतिक संकेत साफ
शनिवार को ही केंद्रीय मंत्री और जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने अनंत सिंह के साथ पटना से मोकामा तक रोड शो किया था। हजारों की भीड़ जुटाकर अनंत सिंह ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इस रोड शो के बाद साफ हो गया कि पार्टी में कुछ विरोधी सुर के बावजूद मोकामा से जेडीयू टिकट पर अनंत सिंह का चुनाव लड़ना लगभग तय है।

नीतीश कुमार का संकेत: टिकट पक्की?
रविवार की इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि नीतीश कुमार ने अनंत सिंह को हरी झंडी दे दी है। मुलाकात का वीडियो भी सामने आ चुका है, जिसमें अनंत सिंह को मुख्यमंत्री के सामने हाथ जोड़कर अभिवादन करते और नीतीश कुमार को भी जवाब में मुस्कुराते हुए धन्यवाद देते देखा गया।
विश्लेषकों का मानना है कि यह सिर्फ एक सामान्य मुलाकात नहीं बल्कि एक मजबूत राजनीतिक संदेश है कि अनंत सिंह को लेकर जेडीयू पूरी तरह से एकजुट है।

आरजेडी छोड़कर जेडीयू में वापसी
अनंत सिंह ने जेल से बाहर आने के बाद आरजेडी को अलविदा कहकर जेडीयू की ओर वापसी कर ली थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि वे मोकामा से जेडीयू की टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हालांकि पार्टी के कुछ नेता उनके खिलाफ नाराजगी भी जाहिर कर चुके हैं, लेकिन ललन सिंह और अब खुद नीतीश कुमार की मुलाकात के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि अनंत सिंह की उम्मीदवारी पर मुहर लग चुकी है।

जेडीयू में टिकट को लेकर गोलबंदी
सूत्र बताते हैं कि जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की लगातार बैठकें हो रही हैं। कई मंत्री और विधायक खुलकर अनंत सिंह के पक्ष में खड़े हैं। माना जा रहा है कि इस बार मोकामा की लड़ाई बेहद हाई-प्रोफाइल होगी और जेडीयू पूरी ताकत झोंकने के मूड में है।