तेजस्वी यादव का बड़ा एलान: हर परिवार को सरकारी नौकरी का वादा, बोले- अब बिहार में होगा नवजागरण

बिहार चुनाव 2025 के मद्देनज़र राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर 20 दिन के भीतर अधिनियम लाकर हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी जिसके घर में कोई सरकारी नौकरी नहीं है। तेजस्वी ने सत्तारूढ़ दल पर नकल का आरोप लगाते हुए कहा कि अब बिहार में बेरोजगारी भत्ता नहीं, नवजागरण और रोजगार की शुरुआत होगी।

तेजस्वी यादव का बड़ा एलान: हर परिवार को सरकारी नौकरी का वादा, बोले- अब बिहार में होगा नवजागरण
Tejashwi Yadav

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी के बीच राजद (RJD) नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की राजनीति में नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया। तेजस्वी ने कहा कि आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कोई सामान्य नहीं है — यह बिहार में परिवर्तन और नवजागरण की शुरुआत है। चुनाव का शंखनाद हो चुका है।

उन्होंने तीखे लहजे में सत्ताधारी गठबंधन पर हमला करते हुए कहा — आज ये लोग बेरोजगारी भत्ता देने की बात करते हैं, नौकरी देने की नहीं। बिहार को अब भत्ता नहीं, भविष्य चाहिए।

'हर परिवार को सरकारी नौकरी, 20 दिन में लाएंगे अधिनियम'
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी सरकार बनते ही 20 दिनों के भीतर एक विशेष अधिनियम (Act) लाया जाएगा जिसके तहत हर उस परिवार को सरकारी नौकरी दी जाएगी जिसके घर में कोई सरकारी कर्मचारी नहीं है।

उन्होंने जोड़ा — हम यह वादा बिना सोच-समझे नहीं कर रहे। हमारे पास बिहार के हर वर्ग और हर परिवार का पूरा डाटा (data) है। हम इसे scientific तरीके से implement करेंगे।

'हमारे विजन की नकल कर रही है सरकार'
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उनकी योजनाओं की कॉपी-पेस्ट कर रही है। उन्होंने कहा — मैं जो घोषणा करता हूं, वे लोग उसे नकल कर दोहराते हैं। लेकिन फर्क यह है कि हम जो कहते हैं, उसे करते हैं। यह हमारी पहली घोषणा है, अंतिम नहीं। आगे और बड़े विजन प्लान लाएंगे।

'17 महीनों में 5 लाख नौकरी'
तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सिर्फ 17 महीने की राजद सरकार में उन्होंने 5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। उन्होंने कहा — हमने दिखाया कि इच्छाशक्ति हो तो रोजगार देना नामुमकिन नहीं। हमने सामाजिक न्याय के साथ अब आर्थिक न्याय का रास्ता चुना है। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है — हर घर में सरकारी नौकरी, हर हाथ में काम।

'हम जुमले नहीं, जनभावना पर काम करते हैं'
राजद नेता ने कहा कि यह समय नारेबाज़ी का नहीं, काम करने का है। हम जुमले नहीं बोलते, वादे निभाते हैं। हमने जो किया, वही दोहराएंगे — और इस बार, बड़ा करेंगे।