Bihar NDA Seat Sharing: आखिर मान गए Chirag Paswan, BJP जल्द कर सकती है सीट बंटवारे का ऐलान

बिहार में एनडीए का सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है। नित्यानंद राय की लगातार मुलाकातों के बाद चिराग पासवान मान गए हैं। सूत्रों के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) को 25 से 26 सीटें मिल सकती हैं। जानिए पूरी अंदरूनी कहानी।

Bihar NDA Seat Sharing: आखिर मान गए Chirag Paswan, BJP जल्द कर सकती है सीट बंटवारे का ऐलान
Chirag paswan

बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही माथापच्ची अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आखिरकार मान गए हैं। बीजेपी और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के बीच सीट बंटवारे को लेकर डील लगभग फाइनल हो चुकी है।

बीजेपी अब जल्द ही सीट शेयरिंग का औपचारिक ऐलान (Formal Announcement) कर सकती है। माना जा रहा है कि चिराग पासवान की पार्टी को 25 से 26 सीटें दी जा सकती हैं।

नित्यानंद राय ने निभाई ‘मिडलमैन’ की भूमिका
बीजेपी ने इस पूरे सुलह मिशन की कमान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को सौंपी थी। पिछले दो दिनों से राय लगातार चिराग से मुलाकात कर रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, 24 घंटे में चार बार वे चिराग के आवास पहुंचे — गुरुवार को तीन बार और शुक्रवार को एक बार।

पहली बार मिलने पर चिराग घर पर नहीं थे, तो राय ने उनकी मां से भेंट की। उसके बाद दो बार और बातचीत की कोशिश हुई, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला।

हालांकि, शुक्रवार की मुलाकात निर्णायक साबित हुई, जब दोनों नेताओं ने लंबे समय तक बातचीत की और समझौते के संकेत दिए।

'सब कुछ पॉजिटिव है' — नित्यानंद राय का बयान
बैठक के बाद नित्यानंद राय ने मीडिया से कहा, हमारे चेहरों की मुस्कान ही सब कुछ बता रही है। सब कुछ पॉजिटिव है। चिराग समय आने पर विस्तार से बताएंगे। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में यह संकेत मिल गया कि सीट बंटवारे पर अब सहमति बन चुकी है।

चिराग पासवान ने भी दी हामी
जब चिराग पासवान अपने मंत्रालय के लिए निकले तो पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या डील डन है? इस पर चिराग ने सिर हिलाकर हामी भर दी, जिससे साफ हो गया कि उन्होंने एनडीए के भीतर अपनी स्थिति को लेकर समझौता कर लिया है।

उन्होंने भी बाद में कहा — नित्यानंद राय ने जो कहा, वही स्थिति है। सभी बातें समय आने पर साझा की जाएंगी।

धर्मेंद्र प्रधान से भी मुलाकात
चिराग से बातचीत के बाद नित्यानंद राय ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की, जो बिहार विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी के प्रभारी हैं। माना जा रहा है कि अब सीटों की फाइनल लिस्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की मुहर लगनी बाकी है।

एनडीए के दूसरे सहयोगी भी सक्रिय
सीट शेयरिंग पर सिर्फ चिराग पासवान ही नहीं, बल्कि बीजेपी के दूसरे दलित सहयोगी जीतन राम मांझी भी अपनी-अपनी सीटों को लेकर सख्त तेवर अपनाए हुए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, मांझी सीटों की संख्या से ज्यादा उनके चयन को लेकर अडिग हैं। वे चाहते हैं कि उनकी पार्टी हम (हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा) को वही सीटें दी जाएं, जहां उनका परंपरागत वोटबैंक मजबूत है।