बिहार में अलर्ट! पाकिस्तान से आए जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी, नेपाल बॉर्डर से की एंट्री
पाकिस्तान की नापाक साजिश का खुलासा! जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी नेपाल से भारत में घुसकर अब बिहार में छिपे हैं। पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। चुनावी मौसम में बिहार को दहशत में डालने की बड़ी साजिश की आशंका।
बिहार में इस समय सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ गई है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक जैश-ए-मोहम्मद (Jaish-e-Mohammad) के तीन आतंकी पाकिस्तान से नेपाल होते हुए भारत में घुस आए हैं और अब बिहार में सक्रिय बताए जा रहे हैं। इससे पहले भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के तहत दो आतंकियों को ढेर किया था। लेकिन अब इन आतंकियों की बिहार में मौजूदगी ने चुनावी माहौल के बीच नई साजिश की आशंका को जन्म दिया है।
नेपाल से होकर बिहार में दाखिल हुए आतंकी
सूत्रों के अनुसार आतंकी पहले नेपाल के काठमांडू पहुंचे और फिर पिछले हफ्ते भारत की सीमा में दाखिल हुए। इन तीनों की पहचान हसनैन अली (रावलपिंडी निवासी), आदिल हुसैन (उमरकोट निवासी) और मोहम्मद उस्मान (बहावलपुर निवासी) के रूप में हुई है। हालांकि, ये बिहार के किस जिले या शहर में छिपे हैं, इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
बिहार पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट
आतंकियों की एंट्री की खबर सामने आने के बाद बिहार पुलिस ने प्रदेशभर में हाई अलर्ट (High Alert in Bihar) जारी कर दिया है। बॉर्डर इलाकों और प्रमुख शहरों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थल और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चुनावी सीजन में साजिश की आशंका
बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आतंकी गतिविधियों की खबर ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। खुफिया सूत्रों का मानना है कि आतंकी किसी बड़े हमले की फिराक में हो सकते हैं। हालांकि, अभी उनके टारगेट और मूवमेंट की जानकारी स्पष्ट नहीं है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी नहीं सुधरा पाकिस्तान
गौरतलब है कि भारतीय सेना ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन सिंदूर में सौ से ज्यादा आतंकियों को खत्म किया था। इसके बावजूद पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और अब बिहार में नए मोर्चे की कोशिश कर रहा है।


आँखें न्यूज़ 24 




