VIP में शामिल हुए कई डॉक्टर, मुकेश सहनी ने किया स्वागत; बिहार में सियासी बहार की उम्मीद

डॉ. सुनील कुमार सिंह समेत कई प्रमुख चिकित्सकों ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की सदस्यता ग्रहण कर बिहार की राजनीतिक तस्वीर में नया बदलाव लाया है। मुकेश सहनी के नेतृत्व में पार्टी सभी जाति-वर्गों में लोकप्रिय हो रही है। स्वास्थ्य और सुशासन सुधार की वादे के साथ महागठबंधन की सरकार बनने की तैयारी तेज़। जानिए पूरी खबर।

VIP में शामिल हुए कई डॉक्टर, मुकेश सहनी ने किया स्वागत; बिहार में सियासी बहार की उम्मीद

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) द्वारा आयोजित हालिया मिलन समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सकों ने पार्टी का दामन थाम लिया है। बिहार इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के उपाध्यक्ष एवं जदयू के पूर्व नेता डॉ. सुनील कुमार सिंह ने अपने समर्थकों के साथ वीआईपी की सदस्यता ग्रहण कर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की। इसके अलावा, हम के महासचिव डॉ. अमिताभ सिन्हा और डॉ. विनोद कुमार ने भी पार्टी की नीतियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए वीआईपी का हिस्सा बने।

पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि आज वीआईपी के प्रति सभी जाति और वर्गों का आकर्षण बढ़ा है, जो पार्टी की लोकप्रियता और मजबूती का परिचायक है। मुकेश सहनी ने बिहार सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के पास कोई स्पष्ट विजन नहीं है, और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मकसद केवल सत्ता में बने रहना है।

स्वास्थ्य व्यवस्था की दुर्दशा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिले और प्रखंड स्तर के अस्पतालों से मरीजों को पटना रेफर किया जाता है, जिससे आम परिवारों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर ऐसी पॉलिसी लाई जाएगी जो मरीजों की सही देखभाल सुनिश्चित करेगी।

डॉ. सुनील कुमार सिंह ने भी कहा कि मुकेश सहनी के नेतृत्व में पार्टी के पास बिहार के शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था समेत कई क्षेत्रों में एक स्पष्ट कार्ययोजना है, जो सुशासन का सही मॉडल साबित होगी। उन्होंने वीआईपी की नीतियों को अपना आकर्षण बताया और भरोसा जताया कि महागठबंधन की सरकार बनने पर बिहार के विकास में तेजी आएगी।