भीड़ में महिला को बचाते हुए चोटिल हुए प्रशांत किशोर, पसलियों में आई चोट; डॉक्टरों ने कहा- घबराने की बात...

बिहार में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भोजपुर के रमना मैदान में भीड़ के बीच महिला को बचाते हुए चोटिल हो गए। डॉक्टरों ने पसलियों में सॉफ्ट टिश्यू इंजरी बताई। पढ़ें पूरी खबर।

भीड़ में महिला को बचाते हुए चोटिल हुए प्रशांत किशोर, पसलियों में आई चोट; डॉक्टरों ने कहा- घबराने की बात...
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भोजपुर में रमना मैदान की सभा के दौरान भीड़ में घायल

बिहार में जन सुराज अभियान के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) आरा में एक महिला को बचाते हुए चोटिल हो गए। शुक्रवार को भोजपुर जिले के रमना मैदान में आयोजित बदलाव जनसभा के दौरान यह घटना हुई। प्रशांत किशोर समर्थकों की भीड़ में फंस गई एक महिला को बचाने के लिए झुककर गाड़ी का दरवाजा पकड़े हुए थे, तभी भीड़ का दबाव गाड़ी के गेट पर बढ़ गया और गेट उनकी छाती में लग गया।

इस हादसे में उनके rib cage (पसलियों) के सॉफ्ट टिश्यू में चोट आई है। डॉक्टरों ने बताया कि हड्डी में कोई फ्रैक्चर नहीं हुआ है और स्थिति सामान्य है। फिलहाल वह घर पर आराम कर रहे हैं।

डॉक्टरों ने क्या कहा?
आरा के डॉक्टर विजय कुमार गुप्ता ने बताया, स्थिति कंट्रोल में है। स्कैन कराया गया है और नतीजे सामान्य हैं। मामूली सतही चोट है। दर्दनिवारक और एंटीबायोटिक्स दी गई हैं। आराम करने की सलाह दी गई है। वहीं पटना में उनका इलाज कर रहे मेडिवर्सल अस्पताल के डॉक्टर कामरान ने बताया, गेट से छाती पर चोट लगी है। हड्डी नहीं टूटी है। सीटी स्कैन नॉर्मल है। सॉफ्ट टिश्यू इंजरी है। आराम, बर्फ और दवाओं से ठीक हो जाएंगे। 1-2 दिन के आराम की जरूरत है।

पार्टी नेताओं ने क्या कहा?
जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने कहा, ये दूसरी बार हुआ है। पिछली बार पसली टूट गई थी। हम बार-बार कहते हैं कि गाड़ी के दरवाजे से बाहर मत झुको लेकिन वो मानते नहीं। भगवान की कृपा से ज्यादा गंभीर कुछ नहीं हुआ। डॉक्टरों की सलाह है कि वे कल का कार्यक्रम छोड़कर आराम करें।

वहीं कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया, गाड़ी के दरवाजे और गाड़ी के बीच दब जाने से पसलियों में दर्द हुआ। वे घर पर हैं और रिकवरी कर रहे हैं। जल्दी स्वस्थ हो जाएंगे।

क्या हुआ था रमना मैदान में?
जैसे ही प्रशांत किशोर रमना मैदान पहुंचे, भारी संख्या में समर्थक उनकी गाड़ी की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान एक महिला गाड़ी के गेट और भीड़ के बीच फंस गई। उसे बचाने की कोशिश में किशोर ने गाड़ी का गेट पकड़कर खुद को आगे झुका दिया, जिससे दरवाजा उनकी पसलियों में जोर से लग गया।