पटना में पुलिस भर्ती अभ्यर्थियों का बवाल: तिरंगा लेकर सीएम आवास की ओर कूच, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
पटना में पुलिस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का बड़ा प्रदर्शन। तिरंगा लेकर सीएम आवास की ओर कूच करते समय बैरिकेडिंग तोड़ी, पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। BPSC-CSBC परीक्षा में पारदर्शिता और TRE-3 पूरक परिणाम की मांग तेज।
बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अभ्यर्थियों के आक्रोश का गवाह बनी। पुलिस भर्ती (Bihar Police Recruitment) को लेकर बड़ी संख्या में कैंडिडेट्स सड़कों पर उतर आए और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में तिरंगा था और वे नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग तोड़ते आगे बढ़ गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
BPSC और CSBC परीक्षा में पारदर्शिता की मांग
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) और केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) की परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही। इसी मुद्दे पर वे पटना में विरोध जता रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए।
पहले शिक्षक भर्ती को लेकर भी भड़का था गुस्सा
यह कोई पहला मौका नहीं है जब बिहार में भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर विरोध किया हो। हाल ही में शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-3) के पूरक परिणाम की मांग को लेकर भी पटना में जमकर बवाल हुआ था। उस दौरान भी पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिससे हालात बिगड़ गए थे। भाजपा कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी मच गई थी।
अभ्यर्थियों का आरोप, 'आश्वासन मिला पर कार्रवाई नहीं'
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि कई बार शिक्षा विभाग और आयोग ने लिखित आश्वासन दिए, लेकिन वास्तविक स्तर पर कोई कदम नहीं उठाया गया। पटना के अभ्यर्थी अमन कुमार ने आरोप लगाया कि मार्च 2024 में हुई TRE-3 परीक्षा के बाद 87,774 पदों की घोषणा की गई थी, मगर अब तक केवल करीब 51,000 उम्मीदवारों को ही नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। पूरक परिणाम जारी करने का वादा अब तक अधूरा है।
पुलिस की सफाई और अफसरों का बयान
लाठीचार्ज को लेकर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों से शांतिपूर्वक हटने का अनुरोध किया था। लेकिन जब वे नहीं माने तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं, जबकि प्रशासन ने इसे खारिज किया है।
बिहार में भर्ती परीक्षाओं पर लगातार विवाद
चाहे पुलिस भर्ती हो या शिक्षक भर्ती, बिहार में परीक्षाओं और परिणामों को लेकर विवाद थमता नहीं दिख रहा। बार-बार विरोध प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के चलते हालात बिगड़ रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समय पर पूरी नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


आँखें न्यूज़ 24 




