बिहार के भविष्य पर सवाल: VIP ने पीएम मोदी की यात्रा को ठहराया 'ठगने वाली यात्रा'

विकासशील इंसान पार्टी के प्रवक्ता ने प्रधानमंत्री की बिहार यात्रा को ठगने वाली यात्रा बताया। जानें उन्होंने महिलाओं की स्थिति, पुलों की खराब हालत, और औद्योगिक विकास पर क्यों उठाए सवाल।

बिहार के भविष्य पर सवाल: VIP ने पीएम मोदी की यात्रा को ठहराया 'ठगने वाली यात्रा'
वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया बिहार यात्रा को "ठगने वाली यात्रा" करार देते हुए कहा कि इससे बिहार के लोगों का कोई वास्तविक फायदा नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने सिवान से बिहार के लिए कुछ भी ठोस घोषणा नहीं की।

महिलाओं की स्थिति पर सवाल
देव ज्योति ने पीएम मोदी से पूछा कि बिहार में 65% महिलाएं एनीमिया जैसी गंभीर समस्या से क्यों जूझ रही हैं। उन्होंने कहा, "अगर सरकार ने महिलाओं के लिए प्रभावी योजनाएं लागू की होतीं, तो आज यह स्थिति नहीं होती।"

नीतीश कुमार और बिहार के पुलों पर टिप्पणी
प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और बिहार में बुनियादी ढांचे की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "नीतीश कुमार लगातार दल बदलते रहते हैं, और बिहार के पुल हर मानसून में गिर जाते हैं। क्या यही सुशासन है?"

उद्योगों की कमी पर उठाए सवाल
देव ज्योति ने जदयू और भाजपा के 20 साल के शासन पर भी निशाना साधते हुए कहा, बिहार में आज तक एक भी नया कारखाना नहीं लगा। जो रेल कारखाना है, वह भी यूपीए सरकार की देन है। प्रधानमंत्री केवल चुनावी समय में बिहार के लोगों को ठगने आते हैं।