पटना में हुई मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा, पवन सिंह की पत्नी और प्रशांत किशोर के बीच क्या हुई बात?
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने प्रशांत किशोर से मुलाकात कर न्याय और महिलाओं की सुरक्षा की अपील की। चुनाव या टिकट की कोई चर्चा नहीं हुई।
भोजपुरी अभिनेता और सिंगर पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह आज पटना के शेखपुरा हाउस पहुंचीं, जहां उन्होंने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं, लेकिन ज्योति सिंह ने साफ तौर पर कहा कि उनका उद्देश्य चुनाव या किसी राजनीतिक टिकट से संबंधित नहीं है।
ज्योति सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "मैं यहां चुनाव लड़ने या टिकट मांगने नहीं आई हूं। मेरा मकसद है कि न्याय मिले उन महिलाओं को, जिनके साथ अन्याय हुआ है। मैं उन सभी महिलाओं की आवाज बनना चाहती हूं, जिनके साथ ऐसा अन्याय जारी है।"
मुलाकात के दौरान प्रशांत किशोर ने भी स्पष्ट किया कि ज्योति सिंह का मकसद सिर्फ महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा से जुड़ा है, और उन्होंने कहा, "ज्योति सिंह बिहार की महिला के रूप में आई हैं और उन्होंने कोई चुनावी या टिकट से जुड़ी मांग नहीं की है। उनका कहना है कि उनके साथ जो अन्याय हुआ, वह बिहार की अन्य महिलाओं के साथ न हो। हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है कि हम उनकी बात सुनें और सुरक्षा के मामले में मदद करें।"
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, "पवन सिंह हमारे मित्र हैं और उनका यह पारिवारिक मामला है। इसमें पार्टी की कोई भूमिका नहीं है, लेकिन अगर किसी महिला को लगता है कि हम उनकी बात सुनकर मदद कर सकते हैं, तो हम हमेशा तैयार हैं।"
ज्योति सिंह की यह पहल महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के प्रति एक स्पष्ट संदेश देती है। उन्होंने मुलाकात के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता न्याय और सुरक्षा सुनिश्चित करना है, न कि राजनीति में कदम रखना।


आँखें न्यूज़ 24 




