महिला सशक्तिकरण को नई दिशा: वर्ष 2026 के रोडमैप पर बिहार महिला एवं बाल विकास निगम की अहम समीक्षा बैठक

महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार ने वर्ष 2026 के रोडमैप को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना और मिशन शक्ति की प्रगति व रणनीति पर चर्चा हुई।

महिला सशक्तिकरण को नई दिशा: वर्ष 2026 के रोडमैप पर बिहार महिला एवं बाल विकास निगम की अहम समीक्षा बैठक

महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार के कार्यालय में आज वर्ष 2026 की कार्ययोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम की प्रबंध निदेशक बंदना प्रेयषी ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना और मिशन शक्ति के तहत संचालित कार्यक्रमों की अब तक की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया और आने वाले वर्ष के लिए रणनीतिक प्राथमिकताओं पर व्यापक चर्चा हुई।

नीति से जमीन तक प्रभाव बढ़ाने पर जोर
बैठक का फोकस महिला सशक्तिकरण नीति, 2015 के अंतर्गत चल रही योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा परिणामोन्मुख बनाने पर रहा। योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति के साथ-साथ जिला स्तर पर क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति, लाभार्थियों तक पहुंच और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की भी समीक्षा की गई। जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभाव को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

योजनाओं की प्रगति का व्यापक मूल्यांकन
समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं और सेवाओं की विस्तार से चर्चा हुई। इनमें वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, महिला विशेष कोषांग, अल्पावास गृह, शक्ति सदन एवं सखी निवास, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम का क्रियान्वयन, जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन, जेंडर रिसोर्स सेंटर, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन कार्यक्रम, कामकाजी महिला आवास, सामाजिक पुनर्वास कोष, महिला उद्यमिता एवं कौशल विकास कार्यक्रम तथा महिला उद्यमी मेले शामिल रहे।

तकनीक और नवाचार पर रहेगा फोकस
प्रबंध निदेशक बंदना प्रेयषी ने वर्ष 2026 के रोडमैप को स्पष्ट करते हुए योजनाओं की पहुंच को और अधिक विस्तारित करने, तकनीक आधारित व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने, सेवा वितरण की गुणवत्ता सुधारने और लाभार्थी ट्रैकिंग सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला स्तर पर नवाचार आधारित प्रयासों को बढ़ावा देने और सभी योजनाओं के समयबद्ध व समन्वित क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।

अधिकारियों और जिलों से मिले सुझाव
बैठक में निगम के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी और जिला स्तरीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में योजनाओं की प्रगति साझा की और वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित कार्ययोजनाओं पर सुझाव दिए।

2026 तक हर महिला को सशक्त बनाने का लक्ष्य
बैठक के समापन पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना और मिशन शक्ति बिहार में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास निगम का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 तक राज्य की हर महिला सुरक्षित, सशक्त और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने तथा बिहार के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाए।