जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में 200 फीट गहरी खाई में गिरी CRPF की गाड़ी, 3 जवान शहीद; कई घायल
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में CRPF की गाड़ी खाई में गिरने से 3 जवान शहीद, कई घायल। बसंतगढ़ इलाके में ऑपरेशन से लौटते समय हुआ हादसा।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां के बसंतगढ़ इलाके में CRPF की एक गाड़ी 200 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू कर पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे कदवा इलाके में हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, CRPF की 187वीं बटालियन के जवान एक ऑपरेशन से लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। तेज़ ढलान और घुमावदार सड़कों के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। एडिशनल एसपी उधमपुर संदीप भट ने जानकारी दी कि पुलिस ने तत्परता से बचाव अभियान शुरू किया और सभी घायल जवानों को तत्काल इलाज के लिए बसंतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका विशेष चिकित्सकीय निगरानी में इलाज चल रहा है।
इस दुखद घटना पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा – उधमपुर के पास एक दुर्घटना में CRPF कर्मियों की मृत्यु से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम संभव देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर दिखा दिया कि जम्मू-कश्मीर जैसे दुर्गम क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाबलों को किन कठिन परिस्थितियों में अपनी ड्यूटी निभानी पड़ती है। हादसे के असली कारणों की जांच अब शुरू की जा चुकी है।


आँखें न्यूज़ 24 




