Forbes Most Powerful Women 2025: लेयेन से लेकर ताकाइची तक—दुनिया की 4 सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं की नई तस्वीर

Forbes ने 2025 की 100 Most Powerful Women लिस्ट जारी की। उर्सुला, लगार्ड और जापान की PM ताकाइची शीर्ष पर, इटली की मेलोनी चौथे स्थान पर रहीं।

Forbes Most Powerful Women 2025: लेयेन से लेकर ताकाइची तक—दुनिया की 4 सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं की नई तस्वीर
उर्सुला वॉन डेर लेयेन

फोर्ब्स मैगज़ीन ने बुधवार को अपनी 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं की 22वीं वार्षिक सूची जारी की, जिसने वैश्विक राजनीति और अर्थव्यवस्था में महिलाओं के बढ़ते दबदबे की नई परिभाषा लिख दी है। इस सूची में खास बात यह है कि तीन महिलाएं ऐसी हैं, जो ताकत और प्रभाव के मामले में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से भी आगे निकल गई हैं।

उर्सुला—EU की निर्णायक शक्ति, लगातार दूसरा कार्यकाल
फोर्ब्स रैंकिंग में पहले स्थान पर यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन हैं। वह न केवल यूरोपीय संघ की सबसे शक्तिशाली आवाज़ों में शामिल हैं, बल्कि ऐसे फैसले लेती हैं जो 45 करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं। यूरोपियन यूनियन की इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली वह पहली महिला हैं।

ECB से IMF तक—लगार्ड की नीतियों का वैश्विक असर
दूसरे स्थान पर हैं क्रिस्टीन लगार्ड, जो यूरोपियन सेंट्रल बैंक की पहली महिला प्रमुख हैं। इससे पहले वह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की पहली महिला निदेशक भी रह चुकी हैं। आर्थिक नीतियों और वैश्विक वित्तीय प्रणाली पर उनका प्रभाव बेहद गहरा माना जाता है।

जापान की लौह–महिला ताकाइची—चीन को खुली चेतावनी के बाद चर्चा में
तीसरे नंबर पर जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री साने ताकाइची हैं, जिन्होंने अक्टूबर 2024 में इतिहास रचा था। ताकाइची 4.2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व कर रही हैं, ऐसे समय में जब जापान सेमीकंडक्टर सुरक्षा, रक्षा नीतियों और चीन के साथ बढ़ते तनाव जैसी बड़ी चुनौतियों से जूझ रहा है।

ताइवान–चीन विवाद में ताकाइची की सख्त नीति
फोर्ब्स ने अपनी लिस्ट में ताकाइची के उस बयान का भी उल्लेख किया है, जिसमें उन्होंने ताइवान पर चीन के संभावित हमले को जापान की सुरक्षा से जोड़ते हुए कड़ी प्रतिक्रिया की बात कही थी। उनके इस रुख ने एशिया-प्रशांत की भू-राजनीति में नया तनाव पैदा कर दिया था।

मेलोनी—इटली में पहली महिला PM और यूरोप की प्रमुख राष्ट्रवादी नेता
चौथे स्थान पर हैं इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी, जो 2022 में इस पद पर पहुंचने वाली इटली की पहली महिला नेता बनीं। मेलोनी का राजनीतिक सफर किशोरावस्था में ही शुरू हो गया था, जब उन्होंने Italian Social Movement की युवा शाखा जॉइन की थी। आज वह यूरोप के राष्ट्रवादी और दक्षिणपंथी राजनीतिक धाराओं की एक प्रमुख आवाज़ हैं।

25 देशों की 100 महिलाएं—वैश्विक नेतृत्व की नई दिशा
फोर्ब्स की इस सूची में 25 देशों की महिलाएं शामिल हैं। इनमें 44% महिलाएं CEOs हैं और लगभग आधी उत्तरी अमेरिका से आती हैं। पूर्वी एशिया में साने ताकाइची के अलावा चीन, हांगकांग और सिंगापुर की कई प्रभावशाली महिलाओं ने भी जगह बनाई है।