गोवा रोमियो लेन अग्निकांड: थाईलैंड फरार हुए मुख्य आरोपी, पुलिस ने इंटरपोल से मांगी मदद
गोवा के रोमियो लेन अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लुथरा घटना के कुछ घंटों बाद इंडिगो फ्लाइट से थाईलैंड फरार हो गए। गोवा पुलिस ने इंटरपोल की मदद से गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी है।
गोवा के चर्चित रोमियो लेन अग्निकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। इस भयावह घटना के महज पांच घंटे बाद ही मुख्य आरोपी सौरभ लुथरा और गौरव लुथरा देश छोड़कर विदेश भाग निकले। दोनों आरोपी मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट के जरिए थाईलैंड के फुकेट रवाना हो गए। गोवा पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया है कि अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है।
दिल्ली में छापेमारी, घर पर नहीं मिले आरोपी
गोवा पुलिस के अनुसार, जैसे ही ‘बर्च बाई रोमियो लेन’ फायर केस में FIR दर्ज की गई, पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत दिल्ली स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भेजी गई। वहां छापेमारी के दौरान दोनों आरोपी अपने घरों पर मौजूद नहीं मिले। इसके बाद कानून के तहत उनके आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। इससे पहले ही दोनों देश से बाहर निकल चुके थे।
मुंबई एयरपोर्ट से फुकेट तक का पूरा ट्रैवल रिकॉर्ड सामने
पुलिस ने बताया कि 7 दिसंबर की शाम तक दोनों आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया था। जब मुंबई इमिग्रेशन से संपर्क किया गया तो पता चला कि सौरभ और गौरव 7 दिसंबर की सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट के लिए उड़ान भर चुके थे। जबकि आग की यह भीषण घटना उससे एक रात पहले करीब आधी रात को हुई थी। इससे यह साफ हो गया कि दोनों ने पहले से ही भागने की योजना बना रखी थी।
इंटरपोल की मदद से होगी अंतरराष्ट्रीय गिरफ्तारी
गोवा पुलिस ने अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CBI की इंटरपोल विंग से भी संपर्क कर लिया है, ताकि दोनों को जल्द से जल्द विदेश से वापस लाया जा सके। इसी बीच इस मामले में दिल्ली से भारत कोहली नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और ट्रांजिट रिमांड पर उसे गोवा लाया जा रहा है। उससे इस पूरे नेटवर्क और साजिश को लेकर गहन पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम पूरा, अब साजिश की परतें खोलने की तैयारी
पुलिस ने यह भी बताया कि अग्निकांड में मारे गए सभी लोगों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है और शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। मामले की जांच अब तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही है और हर उस कड़ी को जोड़ा जा रहा है, जिससे इस भीषण हादसे की साजिश पूरी तरह उजागर हो सके।


आँखें न्यूज़ 24 




