गाने पर बैन से ‘केडी: द डेविल’ घिरी विवादों में, सरकार ने लगाया बैन; सेंसर बोर्ड बोला—हम नहीं जिम्मेदार
कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का गाना ‘सरके चुनर’ विवादों में घिरा, सरकार ने लगाया बैन. सीबीएफसी ने दी सफाई, जानिए पूरा मामला.
कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ अभी रिलीज भी नहीं हुई है, लेकिन उससे पहले ही यह बड़े विवाद में फंस गई है. फिल्म का गाना ‘सरके चुनर तेरे सरके’ सामने आते ही लोगों के निशाने पर आ गया. दर्शकों ने इसके बोल और दृश्यों को आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी नाराज़गी जताई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ा कि सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा और गाने पर रोक लगा दी गई.
इस पूरे विवाद के बीच जब सेंसर बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठने लगे, तो सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने स्थिति साफ की. बोर्ड के चेयरपर्सन प्रसून जोशी ने कहा कि इस गाने को लेकर बोर्ड के पास किसी तरह का सर्टिफिकेशन आवेदन आया ही नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जारी होने वाले कंटेंट को बोर्ड प्रमाणित नहीं करता, इसलिए इस मामले में बोर्ड को जिम्मेदार ठहराना गलत है.
महिलाओं के चित्रण पर संवेदनशीलता का दावा
प्रसून जोशी ने यह भी कहा कि बोर्ड हमेशा जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करता है, खासकर फिल्मों में महिलाओं के चित्रण को लेकर. उनके मुताबिक, बोर्ड ने समय-समय पर विवादों से हटकर रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने की कोशिश की है. उन्होंने इस मामले में सीधे गाने के निर्माता और जिस प्लेटफॉर्म पर इसे जारी किया गया है, वहीं जवाबदेही तय करने की बात कही.
सरकार ने कहा—अभिव्यक्ति की आजादी की भी सीमा
इस बीच केंद्र सरकार की ओर से भी सख्त रुख सामने आया है. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में जानकारी देते हुए कहा कि इस गाने पर बैन लगा दिया गया है. उन्होंने साफ किया कि अभिव्यक्ति की आजादी जरूरी है, लेकिन यह पूरी तरह असीमित नहीं हो सकती. समाज और संस्कृति की मर्यादाओं को ध्यान में रखते हुए ही इस अधिकार का इस्तेमाल किया जाना चाहिए.
रिलीज से पहले ही फिल्म की छवि पर असर
इस गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आ रहे हैं. ऑनलाइन रिलीज होते ही गाने को लेकर विवाद गहराता चला गया. बड़ी संख्या में लोगों ने इसे अब तक के सबसे अश्लील गीतों में से एक बताया और इसके दृश्यों को भी भड़काऊ करार दिया. बढ़ते विरोध के बीच अब यह मामला फिल्म की रिलीज से पहले ही उसकी छवि पर असर डालता दिख रहा है.


आँखें न्यूज़ 24 




