गुजरात में बड़ा हादसा: वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला 43 साल पुराना गंभीरा पुल टूटा, 10 की मौत; कई लापता

गुजरात के वडोदरा के पादरा में महिसागर नदी पर बना 43 साल पुराना गंभीरा पुल टूट गया। हादसे में 10 की मौत, कई लापता। रेस्क्यू जारी। पुल जर्जर हालत में था। पढ़ें पूरी खबर।

गुजरात में बड़ा हादसा: वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला 43 साल पुराना गंभीरा पुल टूटा, 10 की मौत; कई लापता
gujarat gambhira bridge collapse

गुजरात के वडोदरा जिले के पादरा इलाके में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। महिसागर नदी पर बना गंभीरा पुल (Gambhira Bridge Collapse) अचानक ढह गया, जिससे कई वाहन नदी में समा गए। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत, जबकि 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं।

कैसे हुआ हादसा? 
पादरा के पुलिस निरीक्षक विजय चरण के मुताबिक हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। 43 साल पुराना गंभीरा पुल अचानक ढह गया। उस वक्त पुल पर करीब 5 वाहन थे — जिनमें दो बड़े ट्रक, एक कार और दो दोपहिया वाहन शामिल हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक ट्रक पुल पर ही बीचों-बीच लटका रह गया, जबकि बाकी वाहन नदी में गिर गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: गोताखोरों की मदद से तलाश
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग और गोताखोरों की मदद से नदी में गिरे लोगों की तलाश की जा रही है। अब तक चार लोगों को जिंदा बचा लिया गया, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं।

जर्जर हालत के बावजूद पुल खुला रहा, नहीं हुई मरम्मत
जानकारी के मुताबिक, यह पुल करीब 43 साल पुराना है और लंबे समय से इसकी हालत खराब थी। स्थानीय लोग बार-बार इसकी मरम्मत की मांग कर चुके थे। मानसून से पहले भी प्रशासन ने कोई सावधानी नहीं बरती।

दरअसल, सौराष्ट्र से आने वाले बड़े वाहन टोल टैक्स बचाने के लिए इस पुल का इस्तेमाल करते थे। भारी वाहनों के दबाव से पुल लगातार हिलता था। इसके बावजूद इसे यातायात के लिए बंद नहीं किया गया।

गंभीरा पुल को स्थानीय लोग “सुसाइड पॉइंट” भी कहते हैं। पुल के समानांतर नया पुल बनाने की योजना बनी थी, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।

फिलहाल कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं: वडोदरा कलेक्टर
हादसे के बाद वडोदरा कलेक्टर ने बताया कि यातायात के लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और राहत कार्य पूरे किए जाएंगे।