Bihar Voter List विवाद पर राहुल गांधी का हमला: तेजस्वी संग सड़क पर उतरे, बोले- बिहार में चुनाव चोरी नहीं होने देंगे

बिहार वोटर लिस्ट रिवीजन पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने पटना में चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला। राहुल ने आरोप लगाया कि बिहार में वोट चोरी की जा रही है। जानें पूरी रिपोर्ट।

Bihar Voter List विवाद पर राहुल गांधी का हमला: तेजस्वी संग सड़क पर उतरे, बोले- बिहार में चुनाव चोरी नहीं होने देंगे
Rahul Gandhi

बिहार में वोटर लिस्ट रिवीजन के खिलाफ आज महागठबंधन के दलों ने बिहार बंद का आह्वान किया। इस बंद का मुख्य उद्देश्य था बिहार में कथित तौर पर हो रही वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज़ उठाना।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पटना पहुंचे। वह आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के साथ एक खुले ट्रक पर सवार होकर चुनाव आयोग (ECI) के दफ्तर तक मार्च कर रहे थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रशासन ने उनका मार्च बीच रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी ने मौके पर ही चुनाव आयोग और भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी चुनाव चोरी का आरोप
राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव में चुनाव चोरी हुई थी। बिहार में भी वही कोशिश की जा रही है। वोटर लिस्ट रिवीजन दरअसल वोट छीनने का तरीका है।

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन महाराष्ट्र में अच्छा प्रदर्शन करके आया, लेकिन कुछ ही महीनों बाद हुए विधानसभा चुनाव में भारी हार मिली। उन्होंने कहा कि उस समय ज़्यादा नहीं बोले, मगर आंकड़े खंगालना शुरू किया।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में एक करोड़ नए वोटर अचानक लिस्ट में आ गए और जिन क्षेत्रों में वोटर बढ़े, वहां बीजेपी ने जीत दर्ज की। “महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव में वोट की लूट हुई। हमने बार-बार वोटर लिस्ट मांगी, लेकिन चुनाव आयोग हमें वह लिस्ट नहीं दे रहा है। चुनाव आयोग सच छिपा रहा है।”

'यह गरीबों का वोट छीनने की साज़िश'
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में कहा, यह बिहार है। यहां की जनता यह साज़िश कभी कामयाब नहीं होने देगी। यह गरीबों का वोट छीनने का तरीका है। बिहार की जनता और युवा इसे नहीं होने देंगे। यह सिर्फ आपका वोट ही नहीं, आपका भविष्य, रोजगार और अधिकार भी छीना जा रहा है।

उन्होंने चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि अब चुनाव आयुक्त भी बीजेपी और आरएसएस जैसी भाषा बोलते हैं। पहले सब मिलकर चुनाव आयुक्त चुनते थे, अब बीजेपी चुनाव आयुक्त चुनती है।

राहुल गांधी ने कहा कि महागठबंधन और बिहार के लोग इस चुनाव चोरी को रोककर रहेंगे।