यूपी के हरदोई में युवती की दबंगई का वीडियो वायरल, CNG विवाद में सेल्समैन पर तानी रिवाल्वर
हरदोई में सीएनजी भरने को लेकर हुए विवाद में एक युवती ने सेल्समैन पर रिवाल्वर तान दी। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली। जानें पूरी घटना।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिलग्राम थाना क्षेत्र के सांडी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरवाने के दौरान एक युवती ने जरा सी बात पर सेल्समैन पर रिवाल्वर तान दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवती की दबंगई साफ नजर आ रही है।
घटना के बाद सेल्समैन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवती और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने युवती की लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है।
घटना का कारण
यह घटना सीएनजी भरने के नियमों को लेकर शुरू हुई। पेट्रोल पंप के सेल्समैन ने परिवार को गाड़ी से बाहर उतरने के लिए कहा क्योंकि सीएनजी भरते समय गाड़ी के अंदर बैठे रहना खतरनाक हो सकता है। पहले तो परिवार गाड़ी से बाहर उतरने को तैयार नहीं हुआ। जब सेल्समैन ने जोर देकर उन्हें समझाने की कोशिश की, तो गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने बहस शुरू कर दी। बहस के दौरान युवती गाड़ी के अंदर से रिवाल्वर निकाल लाई और सेल्समैन पर तान दी। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए एफआईआर दर्ज कर लिया है। युवती और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज किया। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि घटना के समय रिवाल्वर का लाइसेंस वैध था या नहीं।
गाड़ी में सीएनजी भरवाने का खतरा
पेट्रोल पंप पर सीएनजी भरते समय गाड़ी के अंदर बैठे रहना जानलेवा साबित हो सकता है। कई मामलों में विस्फोट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें परिवार के सदस्यों की जान चली गई। इसी को ध्यान में रखते हुए पंप के कर्मचारी नियमों का सख्ती से पालन कराते हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




