वाराणसी में सड़कों पर उतरे पुलिस आयुक्त, अतिक्रमण पर सख्ती; पहलवान लस्सी वाले पर मुकदमा
वाराणसी में यातायात सुधार के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का सख्त एक्शन। बिना नंबर प्लेट वाहन, अतिक्रमण और नो-पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई, नागरिकों से नियम पालन की अपील।
वाराणसी शहर में यातायात को सुगम, सुरक्षित और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल स्वयं मैदान में नजर आए। उन्होंने रथयात्रा, गुरूबाग, भेलूपुर चौराहा, रविन्द्रपुरी रोड, रविदास गेट और मालवीय चौराहा जैसे अत्यधिक व्यस्त इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर यातायात व्यवस्था की हकीकत को परखा।
नियम तोड़ने वालों पर जीरो टोलरेंस
निरीक्षण के दौरान सड़क पर अतिक्रमण, बिना नंबर प्लेट के वाहन, नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहन और नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने यातायात बाधित करने वाले हर कारण को चिन्हित करते हुए मौके पर ही वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
रविदास गेट पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई
रविदास गेट क्षेत्र में यातायात अवरोध उत्पन्न करने के मामले में पहलवान लस्सी वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया, वहीं बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों को सीज करने की कार्रवाई भी की गई। यह संदेश साफ था कि अब यातायात नियमों से खिलवाड़ करने वालों को किसी तरह की छूट नहीं मिलेगी।
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान
गुरूबाग इलाके में सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार अभियोग दर्ज किए गए। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण शहर की यातायात समस्या की बड़ी वजह है और इसके खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर जोर
शहर में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था के लिए सड़क किनारे येलो लाइन चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए गए, ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट जानकारी मिल सके और अव्यवस्था न फैले। दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी चेतावनी दी गई कि वे अपने ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित स्थलों पर ही कराएं।
जनसहयोग से ही बनेगा सुरक्षित यातायात
निरीक्षण के दौरान हेलमेट न पहनने, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें, क्योंकि अनुशासित यातायात से ही शहर में सुरक्षित और सुचारु आवागमन संभव है। इस मौके पर अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बल मौजूद रहा।


आँखें न्यूज़ 24 




