ICC Player of the Month: अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना ने सितंबर 2025 में मारी बाजी, भारत के लिए बना रिकॉर्ड

ICC ने सितंबर 2025 का Player of the Month घोषित किया। पुरुष में अभिषेक शर्मा और महिला में स्मृति मंधाना ने किया भारत का नाम रोशन।

ICC Player of the Month: अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना ने सितंबर 2025 में मारी बाजी, भारत के लिए बना रिकॉर्ड
Smriti Mandhana

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सितंबर 2025 के Cricketer of the Month का ऐलान कर दिया है। इस महीने पुरुष क्रिकेटर ऑफ द मंथ का खिताब भारत के युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम रहा। उन्होंने स्टार स्पिनर कुलदीप यादव और जिम्बाब्वे के बल्लेबाज ब्रायन बेनेट को पछाड़ते हुए ये अवॉर्ड अपने नाम किया। यह उनके करियर का पहला ICC Player of the Month Award है। इसके साथ ही अभिषेक भारत के 10वें क्रिकेटर बन गए हैं जिन्हें यह सम्मान मिला है।

अभिषेक शर्मा का सितारा बना एशिया कप में
अभिषेक शर्मा ने सितंबर में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दर्शकों का ध्यान खींचा। उन्होंने टीम इंडिया को एशिया कप का खिताब जीताने में अहम योगदान दिया। सात मैचों में उन्होंने 314 रन बनाए, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल थे। इस शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें Player of the Tournament भी चुना गया। इस समय अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज के रूप में भी नामित हैं।

अवॉर्ड मिलने के बाद अभिषेक ने कहा,  ICC का ये अवॉर्ड जीतना मेरे लिए बहुत खास है। मुझे खुशी है कि मेरे प्रदर्शन से टीम को जीत में मदद मिली। मैं टीम मैनेजमेंट और अपने साथियों का आभारी हूं जिन्होंने हमेशा समर्थन किया। साथ ही पैनल का भी धन्यवाद जिन्होंने मुझे इस अवॉर्ड के लिए चुना।

महिला क्रिकेटर ऑफ द मंथ: स्मृति मंधाना की धाक
महिला क्रिकेटर ऑफ द मंथ का खिताब इस बार स्मृति मंधाना को मिला है। मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में अपने शानदार पारियों से सभी का ध्यान खींचा। इस महीने उन्होंने चार वनडे मैचों में 308 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों वाली सीरीज में उनके स्कोर थे: 58, 117 और 125 रन। खास बात यह रही कि तीसरे वनडे में उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में शतक जड़कर भारत के लिए सबसे तेज वनडे शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

दोनों खिलाड़ियों ने बनाया भारत का नाम रोशन
अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना के शानदार प्रदर्शन ने सितंबर 2025 में भारत का क्रिकेट गौरव बढ़ाया। उनके योगदान ने टीम इंडिया को महत्वपूर्ण जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।