महिला वर्ल्ड कप 2025: भारत बना चैंपियन, फिर भी हरमनप्रीत कौर को आईसीसी टीम से बाहर क्यों रखा गया?
महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में इतिहास रचते हुए पहली बार खिताब जीता। लेकिन आईसीसी की बेस्ट इलेवन में हरमनप्रीत को जगह नहीं मिली। कप्तान के तौर पर शानदार रणनीति बनाने के बावजूद उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन औसत रहा। आईसीसी ने भारत की स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स और दीप्ति शर्मा को टीम में शामिल किया है। पूरी बेस्ट XI और विवाद की वजह जानिए विस्तार से।
भारत ने महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतकर क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार विश्व कप अपने नाम किया। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के कुछ ही दिन बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के फैसले ने सभी भारतीय प्रशंसकों को चौंका दिया।
आईसीसी ने मंगलवार को ICC Women’s World Cup 2025 Best XI का ऐलान किया, जिसमें भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम न तो कप्तान के रूप में शामिल किया गया और न ही खिलाड़ी के तौर पर। यह फैसला क्रिकेट फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं था, क्योंकि हरमनप्रीत ने अपने रणनीतिक कौशल से टीम को पहली बार चैंपियन बनाया था।
भारत की तीन खिलाड़ियों ने बनाई जगह
हालांकि आईसीसी की इस बेस्ट टीम में भारत की तीन खिलाड़ी जगह बनाने में सफल रहीं। ओपनर स्मृति मंधाना, मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं दीप्ति शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। दीप्ति शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।
साउथ अफ्रीका की कप्तान बनीं बेस्ट XI की लीडर
आईसीसी की इस टीम की कप्तान लॉरा वुलवार्ट (Laura Wolvaardt) को बनाया गया है, जो दक्षिण अफ्रीका की कप्तान हैं। दिलचस्प बात यह है कि लॉरा ने वर्ल्ड कप फाइनल में शतक जरूर लगाया, लेकिन उनकी टीम ट्रॉफी जीतने में नाकाम रही। फिर भी उन्हें बेस्ट टीम का नेतृत्व सौंपा गया। वुलवार्ट के अलावा साउथ अफ्रीका से नादिन डी क्लार्क और मारिजेन कैप को भी बेस्ट XI में शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड-पाकिस्तान से भी चयन
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ऐश गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड और एलाना किंग को जगह मिली है। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन और पाकिस्तान की विकेटकीपर सिदरा नवाज़ को भी प्लेइंग इलेवन में चुना गया है। सिदरा नवाज़ ने टूर्नामेंट में चार कैच और चार स्टंपिंग कर विकेटकीपिंग के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन किया।
हरमनप्रीत और ऋचा घोष क्यों बाहर रहीं?
हरमनप्रीत कौर का बाहर रहना कई फैंस को हजम नहीं हो रहा। उन्होंने बतौर कप्तान टीम को शानदार तरीके से लीड किया, लेकिन व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा।
हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट में 8 पारियों में 260 रन बनाए और दो अर्धशतक जमाए। उनका औसत रहा 32.50, जो टॉप बल्लेबाजों की तुलना में थोड़ा कम था। वहीं ऋचा घोष का बाहर होना और भी चौंकाने वाला है। ऋचा ने 8 पारियों में 133 से अधिक स्ट्राइक रेट से 235 रन ठोके और साथ ही 4 कैच भी लपके। बावजूद इसके, उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई।


आँखें न्यूज़ 24 




