नेपाल Gen-Z Protest: पोखरा में फंसी भारतीय महिला बोलीं – होटल जला, भीड़ लाठी-डंडे लेकर पीछे पड़ी
नेपाल में Gen-Z Protest के दौरान पोखरा से भारतीय महिला उपासना गिल का वीडियो सामने आया। उन्होंने होटल में लगी आग और भीड़ के हमले का डरावना अनुभव साझा किया और भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगाई। विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी की है।
नेपाल में चल रहे Gen-Z विरोध प्रदर्शनों के बीच एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस महिला ने दावा किया कि पोखरा में जिस होटल में वह ठहरी हुई थीं, वहां प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। खुद को बचाने के लिए उन्हें स्पा से भागना पड़ा।
'मैं बड़ी मुश्किल से बच पाई'
वीडियो में महिला ने अपना नाम उपासना गिल बताया और कहा कि वह नेपाल में आयोजित एक वॉलीबॉल लीग की मेज़बानी करने आई थीं। जिस होटल में वह रह रही थीं, वह आग की लपटों में जलकर खाक हो गया। उनका पूरा सामान कमरे में ही रह गया। उन्होंने कहा – मैं स्पा में थी, तभी अचानक भीड़ लाठी-डंडे लेकर मेरे पीछे दौड़ी। मुझे अपनी जान बचाने के लिए भागना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहर, पर्यटक भी बने निशाना
उपासना के मुताबिक, स्थिति बेहद खराब है। प्रदर्शनकारी बिना भेदभाव के आगजनी और तोड़फोड़ कर रहे हैं। पर्यटक भी उनके निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने कहा –
सड़क पर हर जगह आगजनी हो रही है। उन्हें फर्क नहीं पड़ता कि कोई पर्यटक है या यहां काम से आया है। हालात बेकाबू हो चुके हैं।
भारतीय दूतावास से लगाई मदद की गुहार
उपासना गिल ने वीडियो में हाथ जोड़कर अपील की कि यह संदेश भारतीय दूतावास तक पहुंचाया जाए ताकि वे मदद कर सकें। उन्होंने कहा कि वह और उनके साथ मौजूद कई लोग नेपाल में फंसे हुए हैं।
विदेश मंत्रालय की एडवाइजरी
भारत के विदेश मंत्रालय ने नेपाली हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास की सलाह का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय दूतावास काठमांडू से संपर्क करें।
- हेल्पलाइन नंबर: +977-9808602881 (WhatsApp कॉल उपलब्ध)
- हेल्पलाइन नंबर: +977-9810326134 (WhatsApp कॉल उपलब्ध)


आँखें न्यूज़ 24 




