हावड़ा–कामाख्या रूट पर दौड़ेगी पहली वंदे भारत स्लीपर, जानिए किराया से लेकर सुविधाओं तक सब कुछ
भारतीय रेलवे की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस हावड़ा से कामाख्या के बीच शुरू होने जा रही है। जानिए किराया, कोच, स्पीड, सुविधाएं और आरएसी नियम से जुड़ी पूरी जानकारी।
भारतीय रेलवे प्रीमियम रेल यात्रा को एक नया आयाम देने की तैयारी में है। जल्द ही देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है, जिसका परिचालन हावड़ा से कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच किया जाएगा। 958 किलोमीटर लंबे इस रूट पर चलने वाली यह ट्रेन खासतौर पर लंबी दूरी के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
सब हेड: पूर्वोत्तर के लिए तेज और आरामदायक रेल कनेक्टिविटी
इस स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें आरएसी (Reservation Against Cancellation) की सुविधा नहीं होगी। यानी यात्रियों को या तो कन्फर्म टिकट मिलेगा या फिर टिकट नहीं मिलेगा। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को यात्रा से पहले ही स्थिति स्पष्ट रहेगी और असुविधा से बचा जा सकेगा।
3AC में किफायती प्रीमियम सफर
किराये को लेकर भी यात्रियों में काफी उत्सुकता है। तृतीय वातानुकूलित श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 2299 रुपये रखा गया है, जबकि हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 1334 रुपये और मालदा टाउन के लिए 960 रुपये तय किए गए हैं। यह किराया मौजूदा प्रीमियम ट्रेनों की तुलना में प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है।
2AC में आराम और रफ्तार का मेल
द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में सफर करने वालों को हावड़ा से कामाख्या के लिए 2970 रुपये देने होंगे। इसी श्रेणी में न्यू जलपाईगुड़ी तक का किराया 1724 रुपये और मालदा टाउन तक 1240 रुपये रखा गया है। बेहतर स्पेस और आराम के साथ यह विकल्प बिज़नेस और प्रोफेशनल यात्रियों को आकर्षित कर सकता है।
1AC में लग्ज़री रेल ट्रैवल
प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में सबसे प्रीमियम अनुभव मिलेगा। इस श्रेणी में हावड़ा से कामाख्या का किराया 3640 रुपये तय किया गया है, जबकि न्यू जलपाईगुड़ी के लिए 2113 रुपये और मालदा टाउन के लिए 1520 रुपये चुकाने होंगे।
इंटरमीडिएट स्टेशनों के लिए भी स्पष्ट किराया
कामाख्या से मालदा टाउन और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच भी किराये तय कर दिए गए हैं। कामाख्या से मालदा टाउन के लिए 3AC, 2AC और 1AC में क्रमशः 1522, 1965 और 2409 रुपये देने होंगे। वहीं कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए यही किराया 962, 1243 और 1524 रुपये होगा। टिकट पर यात्रियों को 5 प्रतिशत जीएसटी अतिरिक्त देना होगा।
अगले छह महीनों में वंदे भारत स्लीपर का विस्तार
रेलवे ने इस ट्रेन के लिए न्यूनतम किराया दूरी 400 किलोमीटर निर्धारित की है। रेल मंत्री के अनुसार, अगले छह महीनों में देश को 8 और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें मिलेंगी, जबकि पूरे साल में कुल 12 ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी। इससे लंबी दूरी की रेल यात्रा में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
हाई-स्पीड, हाई-कम्फर्ट स्लीपर ट्रेन
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल है। इन कोचों में कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन की अधिकतम गति 180 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए कई आधुनिक तकनीक और उन्नत सुविधाएं दी गई हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




