त्योहारों में सफर होगा सस्ता और आसान! रेलवे का राउंड ट्रिप पैकेज: आने-जाने के टिकट पर 20% की बड़ी छूट

भारतीय रेलवे ने त्योहारों के समय भीड़ कम करने और यात्रियों को राहत देने के लिए "Round Trip Package" शुरू किया है। आने-जाने का टिकट एक साथ बुक करने पर वापसी किराए पर 20% छूट मिलेगी। जानें पूरी स्कीम, नियम और फायदे।

त्योहारों में सफर होगा सस्ता और आसान! रेलवे का राउंड ट्रिप पैकेज: आने-जाने के टिकट पर 20% की बड़ी छूट
प्रतीकात्मक तस्वीर

त्योहारों का मौसम आते ही देश के लगभग हर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। लोग हजारों किलोमीटर का सफर खड़े होकर करने को मजबूर हो जाते हैं। इस समस्या से राहत दिलाने और यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक यात्रा का अनुभव देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने एक नया ऑफर "Round Trip Package for Festival Rush" शुरू किया है, जिसके तहत आने-जाने का टिकट एक साथ बुक करने पर वापसी यात्रा के बेस किराए पर 20% छूट मिलेगी।

स्कीम का मकसद – भीड़ को बांटना, सफर को आसान बनाना
रेल मंत्रालय का कहना है कि यह स्कीम त्योहारों के समय भीड़ को अलग-अलग दिनों में बांटने के लिए बनाई गई है, ताकि सभी यात्रियों को कंफर्टेबल और समय पर यात्रा करने का मौका मिले। इसके तहत:
- आने और जाने दोनों टिकट एक ही नाम और डिटेल्स के साथ बुक होने चाहिए।
- दोनों टिकट एक ही क्लास और एक ही स्टेशन जोड़ी (O-D Pair) के होने चाहिए।
- आने का टिकट: 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच।
- वापसी का टिकट: 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच।

बुकिंग के नियम और शर्तें
इस राउंड ट्रिप पैकेज के लिए कुछ खास नियम तय किए गए हैं –
- पहले आने का टिकट बुक करें, फिर कनेक्टिंग जर्नी फीचर से वापसी का टिकट लें।
- वापसी टिकट के लिए एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) लागू नहीं होगा।
- दोनों टिकट कन्फर्म होने चाहिए।
- टिकट में कोई बदलाव या रिफंड नहीं मिलेगा।
- वापसी टिकट पर कोई अन्य छूट, वाउचर, पास, PTO या ट्रैवल कूपन लागू नहीं होगा।

किन ट्रेनों में मिलेगा फायदा?
यह सुविधा सभी क्लास और सभी ट्रेनों में उपलब्ध है, जिनमें स्पेशल ट्रेनें (Trains on Demand) भी शामिल हैं। Flexi Fare वाली ट्रेनों में यह ऑफर लागू नहीं होगा। टिकट एक ही माध्यम से बुक होने चाहिए — या तो ऑनलाइन या रिजर्वेशन काउंटर से। चार्ट बनने के बाद अगर किराए में बदलाव होता है तो अतिरिक्त पैसा नहीं लिया जाएगा।

रेल मंत्री का बयान – भीड़ कम होगी, टिकट आसानी से मिलेंगे
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस ऑफर से त्योहारों में यात्रियों की भीड़ अलग-अलग तारीखों में बंट जाएगी। खास ट्रेनों का दोनों तरफ से सही उपयोग होगा और यात्रियों को टिकट आसानी से मिल पाएंगे। रेलवे ने इस योजना के प्रचार के लिए प्रेस, मीडिया और स्टेशनों पर घोषणाएं करने के निर्देश दिए हैं।