दिल्ली में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव; जानिए कब तक रहेगा ये मिजाज

दिल्ली में तेज धूप के बाद बारिश का कहर, राजधानी में जलभराव की समस्या। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से तबाही। 10 से 14 अगस्त तक पूरे भारत में मानसून सक्रिय, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट।

दिल्ली में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव; जानिए कब तक रहेगा ये मिजाज
दिल्ली में बारिश के बीच जलभराव की तस्वीर

दिल्ली में दो दिन तक तेज धूप ने लोगों को गर्मी से बेहाल कर दिया था, लेकिन शुक्रवार की रात से मौसम ने एकदम करवट ली है। राजधानी के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश हो रही है, जिससे सुबह की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई और मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि, बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है।

दिल्ली का तापमान और आगे का मौसम अनुमान
आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 10 से 14 अगस्त तक लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस अवधि में तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश से तबाही, राहत कार्य जारी
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आई भयंकर बाढ़ में कई लोगों की जान चली गई है और कई घायल हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा में पहाड़ी से चट्टान गिरने से एक कार में सवार लोगों की मौत हो गई। दोनों राज्यों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट है, जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं।

पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश का प्रकोप जारी
9 से 14 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ भारी बारिश जारी रहेगी। 9 से 12 अगस्त के दौरान नागालैंड, मणिपुर, असम, मिजोरम, मेघालय और त्रिपुरा में भी कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

दक्षिण और पूर्वी भारत में बारिश और तेज़ हवाओं का असर
9 अगस्त को केरल, माहे, तमिलनाडु, रायलसीमा, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज़ हवाओं का असर भी रहेगा।

मध्य और पूर्व भारत में भी भारी बारिश के आसार
9 और 10 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा, अंडमान-निकोबार और झारखंड में भारी बारिश होने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक इन क्षेत्रों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र में बारिश का अनुमान
9 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।