ईरान-इजरायल में मिसाइलों की जंग, भारत ने जारी की एडवाइजरी; ट्रंप की सख्त चेतावनी
ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष पांचवें दिन में पहुंच गया है। इजरायली हमलों में 224 ईरानी नागरिकों की मौत हुई, जबकि ईरानी हमलों में 24 इजरायली मारे गए। भारत ने अपने नागरिकों को तेहरान से हटने का आदेश दिया है।
मध्य पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच जंग मंगलवार को अपने पांचवें दिन में प्रवेश कर गई है। इस तनाव ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति को हिलाकर रख दिया है। इजरायली हवाई हमलों में अब तक ईरान में 224 लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें तेहरान के शीर्ष सैन्य कमांडर, परमाणु वैज्ञानिक और निर्दोष नागरिक शामिल हैं। वहीं, ईरानी हमलों में इजरायल में 24 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
मिसाइलों की बौछार और भारत का अलर्ट
इजरायली सेना ने मंगलवार तड़के घोषणा की कि उसने ईरान द्वारा दागी गई नई मिसाइलों का पता लगाया है। इस बीच, भारत सरकार ने ईरान की राजधानी तेहरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को तुरंत शहर खाली करने का आदेश दिया है। दूतावास ने भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी है।
ट्रंप की नई चेतावनी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ग्रुप ऑफ सेवन (G7) शिखर सम्मेलन को बीच में छोड़कर अपनी नई रणनीति का संकेत दिया। ट्रंप ने ईरान के नागरिकों को तुरंत राजधानी खाली करने की चेतावनी दी है। अमेरिका का यह रुख मध्य पूर्व में बिगड़ते हालातों को और गंभीर बना सकता है।
परमाणु बुनियादी ढांचे पर वार: नेतन्याहू का दावा
इजरायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया है कि उनके हमलों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को दशकों पीछे धकेल दिया है। नेतन्याहू ने कहा, मेरा मानना है कि हमने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लंबे समय तक रोक दिया है।
ईरान और वाशिंगटन के बीच परमाणु समझौते को लेकर चल रही वार्ता के बीच इजरायल के इस हमले ने हालात और खराब कर दिए हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




