कमल हासन को मिली राज्यसभा में एंट्री का रास्ता, DMK ने मक्कल निधि मय्यम को दी एक सीट

तमिलनाडु की सत्ताधारी DMK ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में 4 सीटों पर चुनाव लड़ा, जिसमें एक सीट अभिनेता और राजनेता कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम को दी गई है।

कमल हासन को मिली राज्यसभा में एंट्री का रास्ता, DMK ने मक्कल निधि मय्यम को दी एक सीट
kamal haasan

अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन जल्द ही संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा में जगह बना सकते हैं। तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी DMK ने बुधवार को राज्यसभा के आगामी द्विवार्षिक चुनाव के लिए 4 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने अपनी एक सीट कमल हासन की पार्टी मक्कल निधि मय्यम (MNM) को सौंप दी है।

19 जून को राज्यसभा के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, जिसमें DMK ने वरिष्ठ अधिवक्ता पी. विल्सन को पुनः नामांकित किया है। इसके अलावा DMK के अन्य उम्मीदवार सलेम से पार्टी के नेता एसआर शिवलिंगम और कवि एवं पार्टी पदाधिकारी रुकय्या मलिक उर्फ कविगनर सलमा हैं।

तमिलनाडु से आने वाले छह राज्यसभा सांसद 24 जुलाई 2025 को रिटायर होंगे, जिनमें PMK के अंबुमणि रामदास और MDMK के नेता वाइको भी शामिल हैं। DMK प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने बताया कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हुए गठबंधन के तहत मक्कल निधि मय्यम को राज्यसभा चुनाव में एक सीट दी गई है।

पार्टी के अनुसार, DMK और उसके सहयोगी कुल 6 सीटों में से 4 जीतने में सक्षम हैं जबकि विपक्षी AIADMK और भाजपा के गठबंधन को 2 सीटें मिलने की संभावना है।

मक्कल निधि मय्यम के नेता मुरली अप्पास ने कहा है, हमने कमल हासन को राज्यसभा सदस्य बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किया है," जो कि अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन के लिए राज्यसभा में एंट्री की संभावना को बल देता है।