कांवड़ यात्रा पर विवाद: ‘नेम प्लेट सही, लेकिन पैंट उतरवाना आतंकवाद’ — मौलाना तौकीर रजा का बयान
कांवड़ यात्रा के दौरान यूपी में नेम प्लेट लगाने के आदेश पर मौलाना तौकीर रजा ने समर्थन जताया लेकिन हुड़दंग मचाने वालों को आतंकवादी कहा। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा नजदीक आते ही सियासत और बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। मुजफ्फरनगर समेत पूरे यूपी के ज़िलों में कांवड़ मार्ग पर आने वाले ढाबों, रेस्टोरेंट्स और दुकानों पर नेम प्लेट (Name Plate) लगाने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन का दावा है कि इससे आस्था का सम्मान होगा और पहचान में आसानी होगी।
हालांकि, मुजफ्फरनगर में कुछ हिंदू संगठनों ने जबरन दुकानदारों से नाम पूछकर और कथित तौर पर पैंट उतरवाकर जांच करने की कोशिश की, तो बवाल मच गया। इसी मुद्दे पर बरेली के मौलाना तौकीर रजा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी।
नेम प्लेट पर समर्थन, लेकिन ‘हुड़दंगियों’ को बताया आतंकवादी
मौलाना तौकीर रजा ने साफ कहा कि सरकार का नेम प्लेट लगाने का आदेश सही दिशा में है। उन्होंने कहा, आस्था के मामले में किसी किस्म की छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। मुसलमान को भी अपनी पहचान छुपानी नहीं चाहिए। दाढ़ी, टोपी और लिबास से पहचान होनी चाहिए कि वो मुसलमान और सच्चा हिंदुस्तानी है। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी भी दी कि जो लोग कांवड़ यात्रा के नाम पर हुड़दंग मचाते हैं, वे ‘आतंकवादी’ हैं।
तौकीर रजा के मुताबिक सरहद पार से आने वाला आतंकवाद उतना खतरनाक नहीं, जितना यह घर का पनपता आतंकवाद है। जब तक इन हुड़दंगियों पर लगाम नहीं कसी जाएगी, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।
ब्लड बैंक में क्यों नहीं लगती नेम प्लेट?
मौलाना तौकीर रजा ने सरकार की नीयत पर सवाल भी उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा नफरत फैलाने की है। मुसलमानों से नफरत की वजह से ही यह आदेश निकाला गया। लेकिन जब ठाकुर साहब या पंडित जी को खून की ज़रूरत होती है और ब्लड बैंक से खून लेते हैं, तो वहां की बोतल पर तो नेम प्लेट नहीं लगी होती कि यह मुसलमान का है। क्या तब उनका धर्म भ्रष्ट नहीं होता?
मुजफ्फरनगर की घटना और महाराज का इनकार
इस विवाद की जड़ मुजफ्फरनगर की उस घटना में है जहां कथित तौर पर स्वामी यशवीर महाराज के समर्थकों ने एक ढाबा संचालक की पैंट उतरवाने की कोशिश की, ताकि उसकी पहचान की पुष्टि कर सकें। यशवीर महाराज ने इस आरोप से इनकार करते हुए पुलिस को चेतावनी दी कि उनके समर्थकों पर कोई कार्रवाई हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।


आँखें न्यूज़ 24 




