मोकामा में सियासी संग्राम: अनंत सिंह जेल में, ललन सिंह ने संभाली चुनावी कमान — बोले, 'अब हर कार्यकर्ता बनेगा अनंत सिंह'

बिहार की मोकामा विधानसभा से जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को जन सुराज समर्थक की हत्या के मामले में जेल भेजा गया है। उनकी गैरमौजूदगी में ललन सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली। जानें मोकामा के राजनीतिक समीकरण में क्या बड़ा बदलाव आ सकता है।

मोकामा में सियासी संग्राम: अनंत सिंह जेल में, ललन सिंह ने संभाली चुनावी कमान — बोले, 'अब हर कार्यकर्ता बनेगा अनंत सिंह'
ललन सिंह

बिहार की राजनीति में एक बार फिर मोकामा सुर्खियों में है। पटना की एक अदालत ने जेडीयू उम्मीदवार और बाहुबली छवि वाले नेता अनंत सिंह को जन सुराज पार्टी समर्थक दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अनंत सिंह के साथ उनके दो करीबी सहयोगियों को भी जेल भेजा गया है।

मामला तेजी से राजनीतिक रंग लेता जा रहा है क्योंकि यह गिरफ्तारी चुनावी मौसम में हुई है। इससे मोकामा सीट पर मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।

ललन सिंह ने थामी कमान, बोले – 'अब मोकामा का हर कार्यकर्ता अनंत सिंह बनेगा
अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद जेडीयू ने अपने सीनियर नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को मोकामा में प्रचार की कमान सौंपी है। ललन सिंह ने रविवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ रोड शो किया और जनता से अपील की कि वे नीतीश कुमार के विकास के रास्ते पर भरोसा बनाए रखें।

ललन सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा — जब अनंत बाबू यहां थे, मेरी जिम्मेदारी कम थी। अब जब वे नहीं हैं, तो मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है। मैंने मोकामा की कमान पूरी तरह अपने हाथ में ले ली है। हर कार्यकर्ता अब ‘अनंत सिंह’ बनकर लड़ेगा।

हत्या मामले की पड़ताल: जन सुराज कार्यकर्ता की झड़प बनी मौत की वजह
जन सुराज पार्टी से जुड़े दुलार चंद यादव की मौत गुरुवार को उस वक्त हुई थी जब वे जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उनकी अनंत सिंह के समर्थकों से झड़प हुई थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दुलार चंद यादव की मौत हृदय और फेफड़ों में गंभीर चोट लगने से हुए शॉक के कारण हुई।

पुलिस ने इस घटना को प्रारंभिक जांच में हत्या का मामला बताया है और अनंत सिंह समेत कई लोगों पर निगरानी रखी जा रही थी। शनिवार देर रात पुलिस ने उन्हें मोकामा के बरह स्थित आवास से हिरासत में लिया।

जेडीयू का बचाव, विपक्ष का हमला
ललन सिंह ने कहा कि अनंत सिंह ने कानून का सम्मान करते हुए खुद को पुलिस के हवाले किया है। सच्चाई जल्द सामने आएगी और षड्यंत्र का पर्दाफाश होगा।” वहीं, विपक्ष इस गिरफ्तारी को चुनावी षड्यंत्र बताकर निशाना साध रहा है।

मोकामा का समीकरण बदलेगा?
मोकामा विधानसभा क्षेत्र बिहार की राजनीति में हमेशा से चर्चित रहा है। अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या यह जेडीयू के लिए चुनौती बन सकता है, या ललन सिंह की एंट्री पार्टी के लिए क्राइसिस मैनेजमेंट साबित होगी।