नेपाल में राजनीतिक भूचाल: वित्त मंत्री को प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर दौड़ा- दौड़ाकर पीटा, VIDEO वायरल
नेपाल में राजनीतिक संकट गहराता जा रहा है। काठमांडू में प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर वित्त मंत्री पर हमला किया, जिसका वीडियो वायरल हुआ है। लगातार बढ़ते विरोध के चलते प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। प्रदर्शनकारी युवाओं की मांग है कि मौजूदा सरकार की जगह अंतरिम सरकार बनाई जाए। इस दौरान संसद, पीएम हाउस और कई सरकारी इमारतों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं।
नेपाल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर वित्त मंत्री पर प्रदर्शनकारियों द्वारा हमला होते दिख रहा है। घटना काठमांडू की बताई जा रही है। वीडियो में वित्त मंत्री सड़क पर दौड़ते दिखाई देते हैं और पीछे से प्रदर्शनकारी उनका पीछा कर रहे होते हैं। तभी एक युवक उन्हें लात मारकर गिरा देता है। हालांकि भीड़ आगे बढ़ने ही वाली थी कि कुछ लोगों ने मंत्री को बचाकर एक गली की ओर दौड़ा दिया। इस वीडियो के सत्यता की पुष्टि आँखे न्यूज़ 24 नहीं करता है।
नेपाल में बिगड़ा माहौल, कई मंत्रियों ने छोड़ा पद
नेपाल में हाल के दिनों में जारी प्रदर्शन बेहद हिंसक रूप ले चुका है। युवाओं के गुस्से और आगजनी के बीच ओली सरकार बुरी तरह घिर गई है। हालात इतने खराब हो गए कि कैबिनेट के कई मंत्री पहले ही इस्तीफ़ा दे चुके हैं। दबाव बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को भी पद छोड़ना पड़ा।
युवाओं की मांग: नई अंतरिम सरकार बने
युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार से प्रदर्शनकारी मौजूदा सरकार को हटाकर इंटरिम गवर्नमेंट (अंतरिम सरकार) के गठन की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन का दायरा इतना बढ़ गया कि सरकार को झुकना पड़ा और ओली ने इस्तीफ़ा सौंप दिया।
संसद, पीएम हाउस और सरकारी इमारतों को निशाना
काठमांडू की सड़कों पर मंगलवार को स्थिति बेकाबू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने नेपाल की संसद, प्रधानमंत्री आवास, राष्ट्रपति आवास और पूर्व पीएम के घर को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की और आग लगा दी। कई सरकारी दफ्तरों और इमारतों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया।


आँखें न्यूज़ 24 




