पिता के सामने 24 साल के युवक ने गला रेतकर दी जान, मरने से पहले YouTube पर डाला वीडियो
उत्तराखंड के हल्द्वानी में 24 वर्षीय युवक सजल जोशी ने पिता के सामने ही चाकू से गला रेतकर जान दे दी। मरने से पहले उसने 6.32 मिनट का YouTube वीडियो अपलोड कर अपने दर्द और बीमारी से हार मानने की वजह बताई।
उत्तराखंड के हल्द्वानी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 24 वर्षीय युवक सजल जोशी ने पिता के सामने ही चाकू से अपना गला रेत लिया। घटना से कुछ देर पहले सजल ने 6 मिनट 32 सेकेंड का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी दर्दभरी दास्तान सुनाई और बताया कि उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया।
भाई ने कनाडा से दी सूचना, मगर देर हो चुकी थी
जानकारी के मुताबिक, कनाडा में रह रहे सजल के भाई ने यह वीडियो देखा और तुरंत पिता को फोन किया। पिता जब सजल के कमरे में पहुंचे तो उसके हाथ में चाकू था। उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन सजल ने अपने गले पर ही चाकू चला लिया। खून से लथपथ हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वीडियो में सजल का दर्द: "मम्मी-पापा, आई एम सॉरी…"
वीडियो में सजल ने भावुक होकर कहा, मम्मी-पापा, आई एम रियली सॉरी। आपको दुख होगा लेकिन मैं अब और नहीं लड़ सकता। मेरी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है। मैं सिर्फ बीमारी से परेशान होकर यह कदम उठा रहा हूं।
सजल गंभीर हड्डियों की बीमारी (Bone Disease) से जूझ रहा था। उसने बताया कि लंबे समय से इलाज कराने के बाद भी वह ठीक नहीं हो पा रहा था।
बीमारी ने तोड़ा हौसला, छीन लिए सपने
सजल ने वीडियो में कहा कि वह अस्पतालों के चक्कर काटते-काटते थक चुका था। दवाइयां, इंजेक्शन और सफर उसकी जिंदगी का हिस्सा बन गए थे। उसे एक्टिंग और टेबल टेनिस का शौक था, MBA करना चाहता था, लेकिन बीमारी ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया। उसने यह भी कहा कि उसके माता-पिता ने कभी उसकी किसी ख्वाहिश को अधूरा नहीं छोड़ा और हमेशा उसका साथ दिया।
पिता के सामने बेटे की मौत का मंजर
डॉक्टरों ने जब सजल को मृत घोषित किया तो पिता खुद को संभाल नहीं पाए और अस्पताल में फूट-फूटकर रोने लगे। परिवार और परिचित इस घटना से गहरे सदमे में हैं।


आँखें न्यूज़ 24 




