किशनगंज में बिजली को मिली नई ताकत, ठाकुरगंज ग्रिड पहुंचे CM नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किशनगंज के ठाकुरगंज स्थित 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण किया। नए ग्रिड से बिजली आपूर्ति बेहतर हुई है और उद्योग व चाय बागान क्षेत्र को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

किशनगंज में बिजली को मिली नई ताकत, ठाकुरगंज ग्रिड पहुंचे CM नीतीश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किशनगंज जिले के ठाकुरगंज स्थित 220/132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें ग्रिड उपकेंद्र के संचालन और इससे क्षेत्र को मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस उपकेंद्र के चालू होने से इलाके में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और मजबूत हुई है।

अधिकारियों ने दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और बिहार स्टेट ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह ग्रिड उपकेंद्र आसपास के कई क्षेत्रों को बिजली उपलब्ध करा रहा है। इसके निर्माण से दूरदराज के इलाकों में भी नियमित और बेहतर गुणवत्ता वाली बिजली मिलने लगी है, जिससे आम लोगों के साथ स्थानीय व्यवसायों को भी राहत मिली है।

किसानों और उद्योग को लाभ
अधिकारियों ने बताया कि ठाकुरगंज ग्रिड उपकेंद्र के शुरू होने से किशनगंज और आसपास के क्षेत्रों में उद्योगों के विस्तार की संभावना बढ़ी है। खासकर चाय बागानों से जुड़े किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें अधिक भरोसेमंद बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।

दूरी घटी, व्यवस्था सुधरी
मुख्यमंत्री को यह भी बताया गया कि इस ग्रिड उपकेंद्र का लोकार्पण उन्होंने 6 अक्टूबर 2025 को किया था। पहले ठाकुरगंज और आसपास के इलाकों को बिजली किशनगंज ग्रिड उपकेंद्र से मिलती थी, जिसके कारण 33 केवी लाइन की लंबाई लगभग 50 से 55 किलोमीटर थी। नए ग्रिड के चालू होने के बाद यह दूरी घटकर करीब 3 से 15 किलोमीटर रह गई है, जिससे बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और प्रभावी हो गई है।

आगे और बढ़ेगी क्षमता
वर्तमान में इस ग्रिड उपकेंद्र से ठाकुरगंज ग्रामीण, ठाकुरगंज शहरी और चुरली पीएसएस को बिजली दी जा रही है, जहां लगभग 20 मेगावाट आपूर्ति हो रही है। अधिकारियों के अनुसार निकट भविष्य में तीन और पीएसएस को इससे जोड़ा जाएगा, जिसके बाद यहां से 45 से 50 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति संभव हो जाएगी।

कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रिड उपकेंद्र की व्यवस्था और उसके संचालन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, उद्योग एवं पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।